
मौके पर पुलिस और ग्रामीण
Fatehpur: फतेहपुर जिले में भूमि विवाद को लेकर एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है। जाफरगंज थाना क्षेत्र के अंगदपुर गांव में 15 बिस्वा जमीन के विवाद के चलते मवेशी बाड़े में सो रहे एक बुजुर्ग की धारदार हथियार और भारी वस्तु से हमला कर हत्या कर दी गई। वारदात के बाद इलाके में हड़कंप मच गया।
बताया जा रहा है कि 60 वर्षीय टिक्का सोनकर रात में अपने मवेशी बाड़े में चारपाई पर सो रहे थे। सुबह उनका भाई जंगल की ओर जाने के दौरान बाड़े के पास पहुंचा तो टिक्का सोनकर का शव चारपाई के नीचे खून से लथपथ पड़ा मिला। यह दृश्य देखकर उसके होश उड़ गए और उसने परिजनों व ग्रामीणों को सूचना दी।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई। साथ ही फोरेंसिक टीम (Forensic Team) ने भी घटनास्थल का निरीक्षण कर महत्वपूर्ण साक्ष्य एकत्र किए। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, टिक्का सोनकर ने गांव से करीब 500 मीटर दूर घटमाखेड़ा के पास ग्राम समाज की 15 बिस्वा भूमि पर मवेशी बाड़ा बना रखा था। इसी जमीन पर उनके दूर के पारिवारिक रिश्ते के चचेरे भाइयों का भी दावा है। उनका कहना है कि उक्त भूमि का पट्टा उनके पिता के नाम पर है। इस मामले को लेकर दोनों पक्षों के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा था और मामला दीवानी न्यायालय में विचाराधीन है।
मृतक की पत्नी ने पुलिस को तहरीर देकर दूर के रिश्ते में चचेरे भाइयों, भतीजों और भयाहू समेत पांच लोगों पर हत्या की आशंका जताई है। पुलिस ने तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
प्रारंभिक जांच में जमीन विवाद को हत्या की मुख्य वजह माना जा रहा है। पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी है और घटना के सभी पहलुओं की गहनता से जांच कर रही है।
Location : Fatehpur
Published : 11 June 2026, 2:30 PM IST