
जानकारी देते पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक, गिरफ्त में आरोपी (सोर्स- डाइनामाइट न्यूज़)
Fatehpur: एक साल से लिव-इन रिलेशनशिप में रह रही युवती की बेदर्दी से हत्या कर शव को रेलवे ट्रैक पर फेंकने का एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। शातिर कातिल ने इस खौफनाक वारदात को महज इसलिए दुर्घटना या आत्महत्या का रूप देने की कोशिश की, ताकि पुलिस और कानून की नजरों से बचा जा सके। हालांकि, फतेहपुर पुलिस ने मुस्तैदी दिखाते हुए इस पूरी साजिश का पर्दाफाश कर दिया है और मुख्य आरोपी समेत तीन लोगों को सलाखों के पीछे भेज दिया है।
डाइनामाइट न्यूज़ संवाददाता के अनुसार, मामले की शुरुआत तब हुई जब पीड़ित पिता महावीर लोधी ने थाना राधानगर में एक लिखित शिकायत दर्ज कराई। प्रार्थना पत्र में उन्होंने बताया कि उनकी बालिग बेटी बीते एक साल से गंगा सागर नाम के युवक के साथ लिव-इन में रह रही थी। पिछले कुछ समय से जब बेटी से कोई संपर्क नहीं हो सका, तो पिता को अनहोनी की आशंका हुई। उन्होंने पुलिस से शिकायत करते हुए अंदेशा जताया कि गंगा सागर ने उनकी बेटी की हत्या कर दी है और शव को कहीं छिपा दिया है।
यह भी पढ़ें-Azamgarh: सपा के जुझारू नेता आलमबदी आजमी का निधन; भावुक हुए अखिलेश यादव, बोले- ‘पार्टी के लिए अपूरणीय क्षति’
प्राप्त तहरीर के आधार पर पुलिस ने तुरंत संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की। जब संदिग्ध गंगा सागर को हिरासत में लेकर कड़ाई से पूछताछ की गई, तो उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया। आरोपी ने चौंकाने वाला खुलासा करते हुए बताया कि उसने 28 जून को ही युवती की जीवन लीला समाप्त कर दी थी। इसके बाद वारदात को सुसाइड या एक्सीडेंट की शक्ल देने के लिए उसने अपने तीन साथियों की मदद ली। शव को ट्रैक्टर पर लादकर रेलवे ट्रैक पर फेंक दिया गया ताकि सबूत मिटाए जा सकें।
फतेहपुर पुलिस ने इस मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए वारदात में इस्तेमाल किया गया ट्रैक्टर और एक मोटरसाइकिल बरामद कर ली है। साजिश में शामिल तीन अभियुक्तों को गिरफ्तार कर न्यायलय में पेश किया गया है, जहां से उन्हें जेल भेजने की विधिक प्रक्रिया पूरी की जा रही है।
मामले की जानकारी देते हुए फतेहपुर के पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक ने बताया कि घटना में शामिल एक अन्य सह-अभियुक्त, जिसने शव को ठिकाने लगाने में मदद की थी, फिलहाल फरार है। उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस की विशेष टीमें लगातार संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं। एसपी ने दावा किया है कि फरार आरोपी को भी जल्द ही गिरफ्तार कर कानून के शिकंजे में लाया जाएगा।
Location : Fatehpur
Published : 23 July 2026, 11:00 AM IST
Topics : Fatehpur SP Abhimanyu Manglik Fatehpur Crime News Fatehpur Police Live In Relationship Murder UP Crime News