
टोल कर्मियों पर हमला और तोड़फोड़ (Source: Dynamite News)
Fatehpur: उत्तर प्रदेश के फतेहपुर जिले के ललौली थाना क्षेत्र स्थित जिंदपुर टोल प्लाजा पर तिरंगा रैली के दौरान वाहनों के आवागमन को लेकर विवाद हिंसक हो गया। आरोप है कि टोल कर्मचारियों और स्थानीय लोगों के बीच शुरू हुआ विवाद मारपीट और तोड़फोड़ में बदल गया। घटना में टोल के दो कर्मचारी घायल हो गए, जबकि टोल प्लाजा की संपत्ति को भी नुकसान पहुंचाया गया। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
जानकारी के अनुसार, शुक्रवार दोपहर करीब 12:30 बजे जिंदपुर टोल प्लाजा पर स्कूली बसों और स्थानीय वाहनों को बिना टोल गुजरने देने को लेकर कहासुनी शुरू हुई। टोल कर्मचारियों का आरोप है कि विवाद के दौरान कुछ लोगों ने अपने अन्य साथियों को बुला लिया, जिसके बाद बड़ी संख्या में लोग टोल प्लाजा पहुंच गए।
टोल कर्मचारियों की ओर से पुलिस को दिए गए प्रार्थना पत्र में आरोप लगाया गया है कि शुभम यादव उर्फ गोलू यादव, बच्ची लाल सहित अन्य लोगों ने लाठी-डंडों और धारदार हथियारों से हमला किया।
हमले में प्रशांत राठौर (शिफ्ट इंचार्ज) और मनोज, निवासी विश्वनाथ खेड़ा, थाना मौरावां (उन्नाव), घायल हो गए। आरोप है कि हमलावरों ने टोल प्लाजा की बूम बैरियर मशीनों, बूथों और अन्य संपत्ति में भी तोड़फोड़ की।
Fatehpur News: आखिर ऐसा क्या हुआ कि महिला ने लेखपाल की चप्पल से कर दी पिटाई? वीडियो वायरल
टोल कर्मचारियों का आरोप है कि घटना के दौरान प्रदर्शनकारियों ने करीब एक घंटे तक टोल प्लाजा को जबरन फ्री करा दिया, जिससे वाहनों का आवागमन बिना टोल शुल्क के कराया गया।
घटना की सूचना पर ललौली थाना पुलिस मौके पर पहुंची और हालात को नियंत्रित किया। बाद में सीओ जाफरगंज अविनाश कुमार भी मौके पर पहुंचे और घायलों व टोल कर्मचारियों से घटना की जानकारी ली।
पुलिस का कहना है कि शिकायत के आधार पर मामले की जांच की जा रही है। जांच में सामने आए तथ्यों और साक्ष्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।
Location : Fatehpur
Published : 14 August 2026, 12:53 PM IST