हिंदी
जमीन कब्जाने और फसल नष्ट करने का मामला (Img: Dynamite News)
Fatehpur: फतेहपुर जिले में जमीन पर कब्जे को लेकर एक दलित महिला को लगातार प्रताड़ित किया जा रहा है। हुसैनगंज विधानसभा क्षेत्र के रहमत दौलतपुर गांव निवासी कलावती धोबी ने जिलाधिकारी से न्याय और सुरक्षा की गुहार लगाई है। उनका आरोप है कि कुछ लोग उनकी बैनामा कराई गई जमीन पर जबरन कब्जा करना चाहते हैं।
कलावती के अनुसार, उन्हें प्रतिदिन तरह-तरह के हथकंडों से परेशान किया जा रहा है। दबंगों ने उनके खेत में बनी झोपड़ी को आग लगा दी। इसके अलावा, तिल की फसल को बर्बाद करने के लिए उस पर दवा का छिड़काव किया गया है। फसल को नुकसान पहुंचाने के उद्देश्य से तार हटाकर जानवरों को भी खेत में घुसा दिया गया।
कलावती मौजा रहमत दौलतपुर की आराजी गाटा संख्या 350 की संक्रमणीय भूमिधर हैं। उन्होंने बताया कि 20 जुलाई 2026 की रात अज्ञात लोगों द्वारा उनकी खड़ी तिल की फसल को खरपतवार नाशक दवा डालकर पूरी तरह नष्ट कर दिया गया। इस जमीन को लेकर गांव के धर्मेंद्र सिंह पुत्र महेंद्र सिंह और अमरेंद्र सिंह पुत्र सुरेंद्र सिंह से उनका विवाद चल रहा है।
कलावती ने जिलाधिकारी को बताया कि धर्मेंद्र सिंह और अमरेंद्र सिंह ने पहले भी उनकी जमीन पर अवैध कब्जे को लेकर विवाद किया था और फसल नष्ट करने की धमकी दी थी। इन लोगों से कलावती और उनके परिवार को लगातार खतरा बना रहता है, जिससे वे काफी डरे हुए हैं।
पीड़ित महिला ने जिलाधिकारी से मौके की जांच कराने, उन्हें और उनके परिवार को जान-माल की सुरक्षा प्रदान करने तथा नष्ट हुई फसल का मुआवजा दिलवाने की अपील की है।
Location : Fatehpur
Published : 23 July 2026, 9:50 AM IST