
बुंदेलखंड एक्सप्रेसवे पर मौत की रफ्तार!
Banda: उत्तर प्रदेश के बुंदेलखंड एक्सप्रेसवे पर रविवार देर रात एक भीषण सड़क हादसे ने लोगों को झकझोर कर रख दिया। तेज रफ्तार बाइक पर सवार तीन दोस्त अमावस्या के मौके पर चित्रकूट दर्शन के लिए जा रहे थे, लेकिन रास्ते में एक अज्ञात वाहन ने उनकी जिंदगी छीन ली। हादसा इतना भयानक था कि बाइक के परखच्चे उड़ गए और तीनों युवकों की मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और राहत-बचाव कार्य शुरू कराया। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
जानकारी के मुताबिक यह हादसा रविवार की मध्य रात्रि करीब 12 बजकर 10 मिनट के आसपास हुआ। बुंदेलखंड एक्सप्रेसवे पर बाइक सवार तीन युवक तेज गति से जा रहे थे। अचानक बाइक अनियंत्रित हो गई और आगे चल रहे एक अज्ञात वाहन से जा टकराई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। हादसे में दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीसरा युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल को तुरंत बदौसा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उसने भी दम तोड़ दिया।
गंगा एक्सप्रेसवे पर भयानक सड़क हादसा, स्कॉर्पियो सवार 3 लोगों की दर्दनाक मौत
मृतकों की पहचान बांदा जिले के कोरारी थाना बिसंडा निवासी संजय पुत्र रामकृपाल (30), रामबाबू पुत्र रामकुमार पटेल (35) और अरविंद पुत्र लालवा रैकवार (35) के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि तीनों दोस्त अमावस्या के अवसर पर चित्रकूट जाने के लिए निकले थे। उन्हें क्या पता था कि यह सफर उनकी जिंदगी का आखिरी सफर बन जाएगा। हादसे की खबर जैसे ही गांव पहुंची, वहां मातम छा गया। परिवार वालों का रो-रोकर बुरा हाल है।
हादसे की सूचना मिलने के बाद स्थानीय पुलिस और बचाव टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और हादसे से जुड़े सबूत जुटाए। सोमवार को पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद शवों को परिजनों को सौंपा जाएगा। सीओ यातायात सौरभ सिंह ने बताया कि शुरुआती जांच में हादसे की वजह तेज रफ्तार और बाइक के अनियंत्रित होने की बात सामने आई है। उन्होंने बताया कि बाइक चालक ने हेलमेट नहीं पहना हुआ था, जिसकी वजह से चोटें और ज्यादा गंभीर हो गईं।
मुरादाबाद में भीषण सड़क हादसा: ई-रिक्शा सवार परिवार पर टूटा कहर, दो मासूम भाइयों की दर्दनाक मौत
पुलिस अब उस अज्ञात वाहन की तलाश कर रही है, जिससे बाइक की टक्कर हुई थी। हादसे के बाद वाहन चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है ताकि वाहन और चालक की पहचान की जा सके।
Location : Banda
Published : 15 June 2026, 10:26 AM IST