
ग्रेटर नोएडा में ट्रांसपोर्टर हत्याकांड (img: Dynamite News)
Noida Desk: ग्रेटर नोएडा के बादलपुर क्षेत्र स्थित रॉयल सिटी कॉलोनी में 50 वर्षीय ट्रांसपोर्टर जीवन यादव की गोली मारकर हत्या कर दी गई। परिजनों ने पड़ोसी और उसके साथी पर वारदात को अंजाम देने का आरोप लगाया है। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर पांच टीमें गठित की हैं और आरोपियों की तलाश जारी है।
मूल रूप से फर्रुखाबाद के रहने वाले जीवन यादव बादलपुर की रॉयल सिटी कॉलोनी में अपने परिवार के साथ रहते थे। वह महिंद्रा पिकअप वाहन को किराये पर चलाकर परिवार का पालन-पोषण करते थे। रात को पड़ोसी विशाल कश्यप ने जीवन यादव को घर के बाहर से आवाज देकर बुलाया। परिजनों ने पुलिस को बताया कि इसके बाद पड़ोस में रहने वाला विशाल और अच्छेजा का रहने वाला विक्की अपने साथ पैदल-पैदल जीवन को बाहर की तरफ लेकर चले गए। बताया जा रहा है कि कुछ दूरी पर स्थित एक खाली प्लॉट में ले जाकर जीवन यादव के सिर में गोली मार दी गई। गोली लगते ही उनकी मौके पर मौत हो गई। वारदात को अंजाम देने के बाद दोनों आरोपी फरार हो गए।
जांच के दौरान पुलिस को अहम सुराग भी मिले हैं। हत्या से कुछ मिनट पहले जीवन यादव, विशाल कश्यप और विक्की एक साथ गली से बाहर जाते हुए सीसीटीवी कैमरे में दिखाई दिए हैं। इसके बाद जीवन का शव घर से कुछ दूरी पर खाली प्लॉट में मिला। पुलिस अब सीसीटीवी फुटेज और अन्य सबूतों के आधार पर आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है।
परिजनों ने बताया कि जीवन यादव ट्रांसपोर्ट व्यवसाय के साथ-साथ एक भैंस भी पालते थे और मोहल्ले के कुछ लोगों को दूध बेचते थे। आरोपी विशाल कश्यप भी उनके घर से दूध लेता था। इसी वजह से उसका जीवन यादव के घर रोजाना आना-जाना था। परिवार का कहना है कि जीवन यादव की किसी से कोई पुरानी रंजिश नहीं थी, इसलिए हत्या की वजह फिलहाल स्पष्ट नहीं हो सकी है।
बताया जा रहा है कि कुछ समय पहले ही सड़क हादसे में जीवन यादव के बेटे की मौत हो गई थी। बेटे को खोने के बाद परिवार पहले ही गहरे सदमे में था। अब परिवार के मुखिया की हत्या ने पूरे घर को तोड़कर रख दिया है। जीवन यादव की पत्नी और बेटियों का रो-रोकर बुरा हाल है। जीवन की बेटी ने भावुक होकर बताया कि पहले उनके भाई की मौत हुई और अब पिता भी इस दुनिया में नहीं रहे। परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।
पुलिस ने परिजनों की शिकायत के आधार पर विशाल कश्यप और विक्की के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया है। अधिकारियों का कहना है कि आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पांच अलग-अलग टीमें गठित की गई हैं। पुलिस सभी संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है और जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार करने का दावा कर रही है। फिलहाल हत्या के पीछे की असली वजह जानने के लिए जांच जारी है।
Location : Noida
Published : 20 June 2026, 8:48 AM IST