
पुलिस गिरफ्त में आरोपी
Gorakhpur: गोरखपुर में पुलिस ने नकली नोट बनाने वाले गिरोह का बड़ा खुलासा करते हुए एक शटरनुमा दुकान में चल रही अवैध “मिनी करेंसी फैक्ट्री” का पर्दाफाश किया है। गुलरिहा थाना पुलिस, एसओजी और सर्विलांस टीम की संयुक्त कार्रवाई में पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। मौके से नकली नोट, प्रिंटर, कंप्यूटर सिस्टम, नोट छापने के फॉर्मे और बड़ी मात्रा में सामग्री बरामद हुई है।
पुलिस के अनुसार, यह कार्रवाई सोमवार देर रात पादरी बाजार स्थित सरस्वतीपुरम कॉलोनी में की गई। थाना गुलरिहा की टीम रात्रि गश्त और संदिग्ध व्यक्तियों की चेकिंग कर रही थी, तभी मुखबिर से सूचना मिली कि एक शटरनुमा दुकान के भीतर कुछ लोग नकली नोट तैयार कर रहे हैं। सूचना मिलते ही गुलरिहा पुलिस, शाहपुर पुलिस, एसओजी और सर्विलांस टीम ने संयुक्त घेराबंदी कर छापेमारी की और मौके से पांचों आरोपियों को दबोच लिया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान करन सिंह, मोहित कुमार, विशाल शर्मा, आशीष शर्मा और आकाश सिंह के रूप में हुई है। इनमें चार आरोपी गोरखपुर और एक कुशीनगर का निवासी बताया गया है।
छापेमारी के दौरान पुलिस को 500 रुपये के 9 नकली नोट और 100 रुपये का एक नकली नोट बरामद हुआ। इसके अलावा कंप्यूटर सेट, दो प्रिंटर, मॉनिटर, सीपीयू, कीबोर्ड, माउस, इंक, ए4 पेपर, नोट छापने के आगे-पीछे के फॉर्मे, गांधीजी की तस्वीर वाले प्रिंट, नोट में लगने वाला तार तथा 500 रुपये के आकार में कटे हुए काले रंग के कागजों की 39 गड्डियां बरामद हुईं।
बरामद सामग्री से आशंका जताई जा रही है कि गिरोह लंबे समय से नकली नोट तैयार करने की तैयारी कर रहा था और बाजार में इन्हें खपाने की योजना थी। पुलिस अब आरोपियों से पूछताछ कर गिरोह के नेटवर्क, सप्लाई चैन और अन्य संभावित सदस्यों की जानकारी जुटा रही है।
इस मामले में थाना गुलरिहा में बीएनएस की विभिन्न धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस ने कहा है कि गिरोह से जुड़े अन्य लोगों की तलाश जारी है और आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।
Location : Gorakhpur
Published : 25 May 2026, 5:57 PM IST
Topics : crime news Fake currency Gorakhpur Police Action UP News