मगरमच्छ का रेस्क्यू करने पहुंचे थे… लेकिन उसकी पीठ पर बैठकर बनाने लगे रील, सामने आया हैरान कर देने वाला VIDEO

एटा के मकसूदपुर गांव में धान के खेत में 10 फीट लंबा मगरमच्छ दिखाई देने से हड़कंप मच गया। वन विभाग ने सफल रेस्क्यू कर उसे सुरक्षित जंगल में छोड़ दिया। हालांकि रेस्क्यू के दौरान कुछ ग्रामीण मगरमच्छ की पीठ पर बैठकर रील बनाते नजर आए, जिसका वीडियो वायरल हो रहा है।

Post Published By: Poonam Rajput
Updated : 12 July 2026, 2:45 PM IST

Etah: उत्तर प्रदेश में लगातार हो रही बारिश के बीच एटा जिले के जलेसर क्षेत्र से एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। मकसूदपुर गांव के धान के खेत में करीब 10 फीट लंबा मगरमच्छ दिखाई देने से ग्रामीणों में अफरा-तफरी मच गई। खेत में भरे पानी के बीच विशाल मगरमच्छ को देखकर लोगों ने तुरंत वन विभाग और स्थानीय पुलिस को सूचना दी। देखते ही देखते मौके पर ग्रामीणों की भारी भीड़ जमा हो गई।

वन विभाग और पुलिस ने चलाया रेस्क्यू अभियान

सूचना मिलते ही वन विभाग और पुलिस की संयुक्त टीम मौके पर पहुंची। काफी देर तक चली मशक्कत के बाद मगरमच्छ को सुरक्षित तरीके से काबू में किया गया। रेस्क्यू के दौरान पहले उसके मुंह को रस्सी से बांधा गया, ताकि किसी व्यक्ति को नुकसान न पहुंचे। इसके बाद सावधानीपूर्वक उसे पिंजरे में रखा गया और सुरक्षित स्थान पर ले जाया गया।

मगरमच्छ की पीठ पर बैठकर बनाई रील

रेस्क्यू अभियान के दौरान कुछ ग्रामीणों की लापरवाही भी सामने आई। मगरमच्छ के काबू में आने के बाद कुछ लोग उसकी पीठ पर बैठकर रील और वीडियो बनाने लगे। मौके पर मौजूद अन्य लोगों ने भी इस पूरी घटना के वीडियो रिकॉर्ड किए, जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहे हैं। लोगों की इस हरकत को लेकर कई सवाल भी उठ रहे हैं, क्योंकि यह न केवल खतरनाक था बल्कि वन्यजीवों के प्रति असंवेदनशील व्यवहार भी माना जा रहा है।

Bareilly: डोली उठने के 16वें दिन उठी अर्थी, नवविवाहिता की मौत का जिम्मेदार कौन? परिजनों ने खोला ससुराल का काला सच?

प्राकृतिक आवास में छोड़ा गया मगरमच्छ

क्षेत्रीय वनाधिकारी गिरजेश तिवारी ने बताया कि सफल रेस्क्यू के बाद मगरमच्छ को उसके प्राकृतिक आवास में सुरक्षित छोड़ दिया गया। वहीं जलेसर थाना पुलिस ने बताया कि पूरे अभियान के दौरान ग्रामीणों का सहयोग मिला, जिससे मगरमच्छ को बिना किसी नुकसान के सुरक्षित पकड़ लिया गया।

बरेली में पुलिस महकमे में बड़ा बदलाव : एसएसपी ने कई सीओ के बदले कार्यक्षेत्र, इनकी बदली कुर्सी

वन विभाग ने की सावधानी बरतने की अपील

वन विभाग ने लोगों से अपील की है कि किसी भी जंगली जानवर के मिलने पर उसके पास जाने, छूने या वीडियो बनाने की कोशिश न करें। ऐसी स्थिति में तुरंत वन विभाग या पुलिस को सूचना दें, ताकि सुरक्षित तरीके से रेस्क्यू किया जा सके और किसी प्रकार की दुर्घटना से बचा जा सके।

Location :  Etah

Published :  12 July 2026, 2:45 PM IST