
मृतक का फाइल फोटो (Img: Google)
Etah: एटा जिले के अलीगंज क्षेत्र में बेटी का जन्मदिन मनाने राजस्थान से गांव आए 28 वर्षीय युवक की गोली मारकर हत्या कर दी गई। वारदात उसकी दिव्यांग पत्नी के सामने हुई। पुलिस ने हत्या के खुलासे के लिए एसओजी, सर्विलांस, डॉग स्क्वायड और फॉरेंसिक टीम को जांच में लगाया है।
उत्तर प्रदेश के एटा जिले में एक दिल दहला देने वाली वारदात ने पूरे इलाके को स्तब्ध कर दिया। अलीगंज थाना क्षेत्र के साडरपुर गांव में बेटी का जन्मदिन मनाने घर आए युवक की घर के सामने गोली मारकर हत्या कर दी गई। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया, जबकि गांव में दहशत और आक्रोश का माहौल है।
जानकारी के अनुसार 28 वर्षीय आशीष राजस्थान के हनुमानगढ़ में मजदूरी करता था। वह करीब आठ दिन पहले अपनी बेटी का जन्मदिन मनाने गांव आया था। सोमवार देर रात वह अपनी दिव्यांग पत्नी प्रीति को शौच के लिए घर से बाहर लेकर गया था। लौटते समय तीन संदिग्ध युवक उनके पीछे-आगे चल रहे थे।
पत्नी के मुताबिक जैसे ही दोनों घर के दरवाजे के पास पहुंचे, तीनों हमलावरों ने आशीष को पकड़ लिया और कुछ दूरी पर ले जाकर उसके सीने में गोली मार दी। गोली लगते ही वह जमीन पर गिर पड़ा।
गोली चलने की आवाज सुनकर ग्रामीण घरों से बाहर निकल आए, लेकिन तब तक आरोपी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो चुके थे। गंभीर रूप से घायल आशीष को परिजन तत्काल अस्पताल लेकर रवाना हुए, लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई।
Firing in Gorakhpur: पारिवारिक विवाद में खूनी जंग, भाई ने भाई को मारी गोली, गोरखपुर में हड़ंकप
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और जांच शुरू कर दी। पुलिस प्रेम प्रसंग समेत कई संभावित पहलुओं पर जांच कर रही है। साथ ही यह भी पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि हमलावरों को आशीष की गतिविधियों की इतनी सटीक जानकारी कैसे थी और क्या हत्या पहले से सुनियोजित थी।
सीओ अलीगंज राजेश सिंह ने बताया कि युवक की गोली मारकर हत्या की गई है। मामले के खुलासे के लिए थाना पुलिस, सर्विलांस टीम, एसओजी, डॉग स्क्वायड और फॉरेंसिक टीम को लगाया गया है। पुलिस को जांच में कुछ महत्वपूर्ण सुराग मिले हैं और जल्द ही आरोपियों की गिरफ्तारी का दावा किया जा रहा है।
UP STF ने Mathura से दबोचा इनामी बदमाश शाहिद उर्फ कल्लू राठौर, ऐसे बिछाया था जाल
करीब दो वर्ष पहले शादी करने वाला आशीष चार भाइयों में से एक था। उसके दो भाई भी राजस्थान में मजदूरी करते हैं। बेटी के जन्मदिन की खुशियां मनाने गांव आए परिवार पर इस दर्दनाक घटना ने दुखों का पहाड़ तोड़ दिया है।
Location : Etah
Published : 9 June 2026, 3:50 PM IST