पाकिस्तान के लिए जासूसी! मुजफ्फरपुर का युवक ऐसे चढ़ा पुलिस के हत्थे

बिहार ATS ने मुजफ्फरपुर से मो. मुस्तफा नामक युवक को पाकिस्तान के लिए कथित जासूसी करने के आरोप में गिरफ्तार किया है। आरोपी पर संवेदनशील स्थानों की जानकारी विदेशी नेटवर्क को भेजने का आरोप है। एजेंसियां उसके डिजिटल डेटा और संपर्कों की जांच कर रही हैं।

Post Published By: Rohit Goyal
Updated : 22 May 2026, 5:03 PM IST
google-preferred

Patna: बिहार में सुरक्षा एजेंसियों को बड़ी सफलता मिली है। Bihar Police के आतंकवाद निरोधक दस्ता (ATS) ने मुजफ्फरपुर से एक युवक को पाकिस्तान के लिए कथित जासूसी करने के आरोप में गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान मो. मुस्तफा के रूप में हुई है। गुप्त सूचना के आधार पर की गई कार्रवाई के बाद सुरक्षा एजेंसियां पूरे नेटवर्क की जांच में जुट गई हैं।

संवेदनशील जगहों की जानकारी भेजने का आरोप

जांच एजेंसियों के मुताबिक आरोपी पर देश के महत्वपूर्ण और संवेदनशील स्थानों की तस्वीरें और वीडियो विदेशी हैंडलर्स को भेजने का आरोप है। इतना ही नहीं, इन जगहों की लोकेशन और अन्य जानकारी भी साझा किए जाने की बात सामने आई है।

एजेंसियों का दावा है कि आरोपी लगातार विदेशी संपर्कों के जरिए जानकारी पहुंचा रहा था, जिससे राष्ट्रीय सुरक्षा को खतरा हो सकता था।

एन्क्रिप्टेड ऐप्स के जरिए विदेशी नेटवर्क से संपर्क

पुलिस अधिकारियों के अनुसार आरोपी इंटरनेट मीडिया और एन्क्रिप्टेड मैसेजिंग ऐप्स के जरिए विदेशी नेटवर्क से जुड़ा हुआ था। इन्हीं प्लेटफॉर्म्स के माध्यम से वह कथित तौर पर अपने हैंडलर्स के संपर्क में रहता था और सूचनाएं साझा करता था।

जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी का संबंध कथित पाकिस्तानी हथियार तस्कर शहजाद भट्टी गिरोह से हो सकता है। इसके अलावा राणा हुनैन नाम के व्यक्ति से भी उसके संपर्क की बात कही जा रही है।

मोबाइल से मिले अहम डिजिटल साक्ष्य

गिरफ्तारी के बाद एजेंसियों ने आरोपी का मोबाइल फोन और अन्य डिजिटल उपकरण जब्त किए हैं। जांच में डिलीट किए गए चैट, बैकअप डेटा और मैसेजिंग ऐप्स से संदिग्ध गतिविधियों के संकेत मिलने का दावा किया गया है।

फॉरेंसिक टीम अब डिजिटल साक्ष्यों की गहराई से जांच कर रही है, ताकि पूरे नेटवर्क और संपर्कों का पता लगाया जा सके।

यात्रा इतिहास और लेन-देन की जांच

एटीएस अब आरोपी के यात्रा इतिहास, कॉल डिटेल रिकॉर्ड (CDR), सोशल मीडिया गतिविधियों और बैंकिंग लेन-देन की भी जांच कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि मामले की वैज्ञानिक तरीके से जांच की जा रही है और जल्द ही कई अहम खुलासे हो सकते हैं।

Location :  Bihar

Published :  22 May 2026, 5:03 PM IST

Advertisement