Encounter: मैनपुरी में पुलिस-SOG की बड़ी कार्रवाई, मुठभेड़ में शातिर अपराधी राजकुमार गिरफ्तार

मैनपुरी में कुरावली थाना पुलिस और एसओजी टीम ने मुठभेड़ के बाद शातिर अपराधी राजकुमार को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस पर फायरिंग करने वाले आरोपी के पैर में गोली लगी। उसके पास से अवैध तमंचा और कारतूस बरामद हुए हैं।

Post Published By: Rohit Goyal
Updated : 22 May 2026, 2:34 PM IST
google-preferred

Mainpuri: मैनपुरी में अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस और एसओजी टीम को बड़ी सफलता मिली है। कुरावली थाना पुलिस और एसओजी की संयुक्त टीम ने मुठभेड़ के बाद एक शातिर अपराधी को गिरफ्तार कर लिया। जवाबी फायरिंग में आरोपी के पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे दबोच लिया गया। पुलिस ने आरोपी के पास से अवैध तमंचा और कारतूस भी बरामद किए हैं।

चेकिंग के दौरान पुलिस पर झोंका फायर

घटना कुरावली थाना क्षेत्र के देवीनगर कट की है। पुलिस और एसओजी टीम इलाके में संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान एक संदिग्ध युवक पैदल आता दिखाई दिया। पुलिस को देखकर वह घबरा गया और वापस भागने लगा।

पुलिस टीम ने जब पीछा किया तो आरोपी ने खुद को घिरता देख पुलिस पर फायरिंग कर दी। इसके बाद पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की। मुठभेड़ के दौरान एक गोली आरोपी के पैर में लगी और वह घायल होकर गिर पड़ा।

फिरोजाबाद का रहने वाला है आरोपी

गिरफ्तार आरोपी की पहचान राजकुमार पुत्र छोटेलाल निवासी करबला फिरोजाबाद साउथ, थाना उत्तर जनपद फिरोजाबाद के रूप में हुई है। पुलिस ने उसके कब्जे से 315 बोर का अवैध तमंचा, पांच जिंदा कारतूस और दो खोखा कारतूस बरामद किए हैं।

पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह क्षेत्र में किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने की फिराक में आया था। हालांकि पुलिस अब उससे जुड़े अन्य मामलों की भी जांच कर रही है।

‘यक्ष ऐप’ से खुला आपराधिक इतिहास

पुलिस के मुताबिक आरोपी का लंबा आपराधिक इतिहास है। ‘यक्ष ऐप’ के जरिए जांच करने पर उसके खिलाफ फिरोजाबाद के अलग-अलग थानों में कई गंभीर मुकदमे दर्ज मिले। इनमें चोरी, आर्म्स एक्ट, बीएनएस की गंभीर धाराएं और अन्य आपराधिक मामले शामिल हैं।

पुलिस कार्रवाई की हो रही सराहना

मुठभेड़ के बाद घायल आरोपी को इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया। आवश्यक कानूनी कार्रवाई पूरी करने के बाद उसे न्यायालय में पेश किया गया। इस कार्रवाई के बाद इलाके में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर लोगों में भरोसा बढ़ा है। स्थानीय लोगों ने पुलिस और एसओजी टीम की कार्रवाई की सराहना की है।

Location :  Mainpuri

Published :  22 May 2026, 2:34 PM IST

Advertisement