एक मोड़ और तेज रफ्तार बस… बदायूं में पलभर में हुआ खौफनाक हादसा, बाइक सवार की हालत गंभीर

बदायूं के बिनावर थाना क्षेत्र में बरेली-मथुरा हाईवे पर मंगलवार को भीषण सड़क हादसा हो गया। घटपुरी वेडा मोड़ पर तेज रफ्तार डबल डेकर बस ने बाइक सवार को टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार बस के अगले पहिए के नीचे आ गया और गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस ने उसे जिला अस्पताल भेजा, जहां से बरेली हायर सेंटर रेफर कर दिया गया।

Post Published By: Asmita Patel
Updated : 25 August 2026, 3:24 PM IST

Budaun: बरेली-मथुरा हाईवे पर मंगलवार को रफ्तार का ऐसा कहर देखने को मिला कि कुछ ही सेकंड में सड़क पर चीख-पुकार मच गई। घटपुरी वेडा मोड़ के पास तेज रफ्तार डबल डेकर बस ने बाइक सवार को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर के बाद बाइक सवार बस के अगले पहिए के नीचे आ गया और गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसा होते ही आसपास मौजूद लोग दौड़कर मौके पर पहुंचे। पुलिस को सूचना दी गई और काफी मशक्कत के बाद घायल युवक को बस के नीचे से बाहर निकाला गया। हालत नाजुक होने पर उसे बरेली के हायर सेंटर रेफर कर दिया गया है।

मोड़ पर मुड़ रहा था बाइक सवार

हादसा थाना बिनावर क्षेत्र के बरेली-मथुरा हाईवे पर घटपुरी वेडा मोड़ के पास हुआ। जानकारी के मुताबिक एक अज्ञात बाइक सवार बरेली की ओर से आ रहा था और घटपुरी स्टेशन की तरफ मुड़ रहा था। इसी दौरान पीछे से बदायूं की ओर से तेज रफ्तार में आ रही डबल डेकर बस ने बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक सवार बाइक समेत बस के अगले पहिए के नीचे आ गया।

अस्पताल के गेट पर फंसी ट्रैक्टर-ट्रॉली, बाहर एंबुलेंस में तड़पती रही प्रसूता; बदायूं में जल जीवन मिशन की लापरवाही उजागर

ग्रामीणों की मदद से बस के नीचे से निकाला

हादसे की सूचना मिलते ही बिनावर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। उस समय युवक गंभीर हालत में बस के नीचे फंसा हुआ था। पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से उसे बाहर निकलवाया। इसके बाद उसकी हालत को देखते हुए बिना समय गंवाए निजी एंबुलेंस की मदद से जिला अस्पताल भेजा गया। डॉक्टरों ने वहां प्राथमिक उपचार किया, लेकिन युवक की हालत गंभीर होने के कारण उसे बेहतर इलाज के लिए बरेली हायर सेंटर रेफर कर दिया गया।

अभी नहीं हो सकी घायल की पहचान

हादसे में घायल युवक की अभी तक पहचान नहीं हो सकी है। पुलिस उसकी पहचान कराने के प्रयास में जुटी हुई है। बाइक भी हादसे में बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई है। पुलिस अब बाइक के नंबर और अन्य माध्यमों से युवक की पहचान करने की कोशिश कर रही है।

चर्च जाने का दबाव, धर्मांतरण का आरोप और देवी-देवताओं पर कथित आपत्तिजनक टिप्पणी; बदायूं में क्या है पूरा मामला?

बस कब्जे में, चालक फरार

हादसे के बाद डबल डेकर बस को पुलिस ने कब्जे में ले लिया है। हालांकि बस चालक मौके से फरार बताया जा रहा है। पुलिस चालक की तलाश में जुटी है। थाना बिनावर पुलिस के मुताबिक घायल युवक की पहचान होने के बाद उसके परिजनों को सूचना देने की कार्रवाई की जाएगी।

Location :  Budaun

Published :  25 August 2026, 3:24 PM IST