
डबल डेकर AC बस बनी आग का गोला (img: Dynamite News)
Meerut: उत्तर प्रदेश के मेरठ में शुक्रवार सुबह दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे पर बड़ा हादसा हुआ है। जयपुर से हरिद्वार जा रही राजस्थान रोडवेज की डबल डेकर एसी बस में अचानक आग लग गई। बस में सवार 26 यात्रियों ने खिड़कियों और दरवाजों से बाहर निकलकर अपनी जान बचाई। कुछ ही मिनटों में आग ने पूरी बस को अपनी चपेट में ले लिया और देखते ही देखते बस धू-धू कर जलने लगी। आग से उठता धुएं का गुबार करीब दो किलोमीटर दूर से दिखाई दे रहा था।
यह हादसा दौराला थाना क्षेत्र के दादरी फ्लाईओवर के पास सुबह करीब 7:00 बजे हुआ। पुलिस ने बताया कि पीछे से आ रहे एक बाइक सवार ने बस को ओवरटेक कर चालक को बताया कि बस के पिछले हिस्से से धुआं निकल रहा है। सूचना मिलते ही चालक ने बिना देर किए बस को फ्लाईओवर से नीचे उतारकर सड़क किनारे रोक दिया। इसके बाद परिचालक की मदद से सभी यात्रियों को तुरंत बाहर निकाला गया। कुछ यात्रियों ने जल्दबाजी में खिड़कियों से भी छलांग लगाई, लेकिन राहत की बात यह रही कि सभी सुरक्षित बाहर निकल आए।
बस चालक राजेंद्र कुमार ने बताया कि वह गुरुवार रात करीब 10 बजे जयपुर से बस लेकर हरिद्वार के लिए निकले थे। उनके साथ परिचालक रामकुमार हुड्डा भी मौजूद थे। सुबह मेरठ-मुजफ्फरनगर बॉर्डर के पास पहुंचते ही बस के पिछले हिस्से में शॉर्ट सर्किट के कारण धुआं उठने लगा। सभी यात्रियों को सुरक्षित उतारने के बाद चालक ने बस की डिग्गी से यात्रियों का सामान भी निकालने की कोशिश की, लेकिन कुछ ही देर में आग ने पूरी बस को अपनी चपेट में ले लिया।
आसपास के लोगों ने आग बुझाने की कोशिश की, लेकिन आग इतनी तेज थी कि किसी का प्रयास सफल नहीं हो सका। सूचना मिलने पर पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीमें मौके पर पहुंचीं। हालांकि तब तक बस पूरी तरह जल चुकी थी। मुख्य अग्निशमन अधिकारी सुरेंद्र सिंह ने बताया कि आग बुझाने के लिए मेरठ, सरधना और मुजफ्फरनगर से कुल चार दमकल वाहन लगाए गए। करीब डेढ़ से दो घंटे की मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पाया गया।
मेरठ में कारोबारी के बेटे को बनना था RACE फिल्म का शेफ अली खान, लेकिन तोड़ दी 7 पुलिस वालों की टांग
प्राथमिक जांच में आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट मानी जा रही है। पुलिस और परिवहन विभाग पूरे मामले की जांच कर रहे हैं। वहीं हादसे के बाद सभी 26 यात्रियों को दूसरी बस की व्यवस्था कर सुरक्षित हरिद्वार के लिए रवाना कर दिया गया। समय रहते बस रुकने और यात्रियों को बाहर निकाल लेने से एक बड़ा हादसा टल गया।
Location : Meerut
Published : 26 June 2026, 12:20 PM IST