हिंदी
ट्रैफिक पुलिस ने बस चालक और परिचालक के साथ की मारपीट (Img: Dynamite News)
Deoria: देवरिया जिले के रोडवेज बस स्टेशन पर उस समय हड़कंप मच गया जब ट्रैफिक पुलिस और होमगार्ड के जवानों पर रोडवेज बस के चालक और परिचालक के साथ मारपीट करने का गंभीर आरोप लगा। घटना के बाद बस अड्डे पर तनावपूर्ण माहौल बन गया और नाराज रोडवेज कर्मचारियों ने सभी बसों का संचालन रोककर चक्का जाम कर दिया।
कर्मचारियों का आरोप है कि ड्यूटी के दौरान बस चालक और परिचालक को जबरन ट्रैफिक कार्यालय ले जाया गया, जहां उनके साथ कथित तौर पर अभद्र व्यवहार और मारपीट की गई। इस घटना की जानकारी जैसे ही अन्य रोडवेज कर्मियों तक पहुंची, आक्रोश फैल गया और बड़ी संख्या में कर्मचारी बस अड्डे पर एकत्र होकर प्रदर्शन करने लगे।
प्रदर्शन के दौरान रोडवेज कर्मियों ने दोषी पुलिसकर्मियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग करते हुए जमकर नारेबाजी की। अचानक बसों का संचालन ठप हो जाने से यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा और कई लोग अपने गंतव्य तक नहीं पहुंच सके।
सूचना मिलने पर मौके पर पहुंचे सीओ सिटी ने स्थिति को संभालने का प्रयास किया। उन्होंने पीड़ित परिचालक की तहरीर लेकर निष्पक्ष जांच और उचित कानूनी कार्रवाई का आश्वासन दिया। अधिकारियों के समझाने-बुझाने के बाद रोडवेज कर्मचारियों ने अपना आंदोलन समाप्त किया और बसों का संचालन धीरे-धीरे फिर से शुरू हुआ।
Location : Deoria
Published : 9 June 2026, 4:24 PM IST