
बाइकों में आमने-सामने की टक्कर (Img: Dynamite News; AI)
Deoria: जिले के श्रीरामपुर थाना क्षेत्र में भवानी छापर-हाटा मार्ग पर शनिवार को दो बाइकों की आमने-सामने हुई भीषण टक्कर में एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को अस्पताल भिजवाया और मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, गोपालगंज (बिहार) के भोरे थाना क्षेत्र के सनवह गांव निवासी अमरजीत (32) पुत्र रुदल, भवानी छापर स्थित जिओ पेट्रोल पंप पर पेट्रोल भराने जा रहे थे। जैसे ही वह पेट्रोल पंप से करीब 100 कदम आगे मदनचक-हाटा मार्ग पर पहुंचे, सामने से आ रही तेज रफ्तार बाइक से उनकी आमने-सामने टक्कर हो गई।
हादसे में दूसरी बाइक पर सवार सिवान (बिहार) के दरौली थाना क्षेत्र के बलूही ग्राम पंचायत निवासी पप्पू साहनी पुत्र हरेंद्र साहनी और शुभम पुत्र सुरेंद्र साहनी गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना मिलते ही श्रीरामपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों घायलों को तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया।
टक्कर इतनी भीषण थी कि अमरजीत की मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घटना की सूचना मिलते ही मृतक के परिजनों में कोहराम मच गया।
श्रीरामपुर थाना प्रभारी संजय कुमार ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त दोनों बाइकों को कब्जे में लेकर थाने भेज दिया है और हादसे के कारणों की जांच की जा रही है।
Location : Deoria
Published : 5 July 2026, 12:24 PM IST
Topics : Deoria News Road Accident UP Police uttar pradesh