हिंदी
मृतक की फाइल फोटो (Img: Pinterest)
Maharajganj: महराजगंज जिले के चौक नगर पंचायत के वार्ड नंबर 10 स्थित दिग्विजय नाथ नगर में रविवार को उस समय सनसनी फैल गई, जब एक 24 वर्षीय नवविवाहिता का शव घर के कमरे में दुपट्टे के फंदे से लटका मिला। घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के लोगों की भीड़ जमा हो गई और तत्काल पुलिस को सूचना दी गई।
सूचना मिलते ही चौक थाना पुलिस और फोरेंसिक टीम घटनास्थल पर पहुंची। अधिकारियों ने पूरे कमरे का बारीकी से निरीक्षण किया और घटनास्थल से जरूरी साक्ष्य एकत्र किए। फोरेंसिक टीम ने मौके से मिले साक्ष्यों को सुरक्षित कर जांच के लिए भेज दिया है।
मृतका की पहचान 24 वर्षीय सितारा देवी, पत्नी विक्रम यादव के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार दोनों की शादी करीब चार वर्ष पहले हुई थी। परिवार का कहना है कि विक्रम यादव रोजगार के सिलसिले में करीब आठ दिन पहले दूसरे प्रदेश कमाने गए थे। उनके घर से बाहर रहने के दौरान ही यह घटना सामने आई, जिससे परिवार सदमे में है।
पुलिस ने फोरेंसिक टीम की मौजूदगी में शव को फंदे से नीचे उतरवाया और पंचनामा की कार्रवाई पूरी करने के बाद पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया। अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों की पुष्टि हो सकेगी।
शादी की खुशियां बांटकर लौट रहा था युवक… हाईवे पर ऐसा क्या हुआ कि घर पहुंची सिर्फ मौत की खबर?
पुलिस का कहना है कि प्रथम दृष्टया मौत के कारणों के बारे में कोई स्पष्ट निष्कर्ष नहीं निकाला जा सकता। मामले की जांच सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर की जा रही है। परिजनों और आसपास के लोगों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं। फोरेंसिक रिपोर्ट और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
Location : Maharajganj
Published : 5 July 2026, 2:44 PM IST