
रास्ते के विवाद में युवक की हत्या(Img: Dynamite News)
Deoria: देवरिया जिले के रामपुर कारखाना थाना क्षेत्र में रास्ते के विवाद में हुई राजू विश्वकर्मा उर्फ चंदन की हत्या के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए तीन महिलाओं समेत आठ आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त चाकू, लोहे का पाइप और दो डंडे भी बरामद किए गए हैं। सभी आरोपियों को न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया।
पुलिस अधीक्षक अभिजीत आर. शंकर के निर्देशन में चलाए जा रहे अभियान के तहत अपर पुलिस अधीक्षक (उत्तरी) आनंद कुमार पांडेय और क्षेत्राधिकारी नगर संजय कुमार रेड्डी के पर्यवेक्षण में रामपुर कारखाना पुलिस ने कार्रवाई की। पुलिस ने सूचना पर बरईपुर खास गांव से विशुनपुर चिरकिहवा जाने वाले तिराहे की पुलिया के पास से सभी आठ आरोपियों को गिरफ्तार किया।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त एक चाकू, एक लोहे का पाइप और दो डंडे बरामद किए हैं। बरामदगी के आधार पर मामले में आर्म्स एक्ट सहित अन्य धाराओं की बढ़ोतरी करते हुए आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस के अनुसार, 3 जुलाई 2026 को रास्ते के विवाद को लेकर हुई मारपीट में राजू विश्वकर्मा उर्फ चंदन की मौत हो गई थी। मृतक की पत्नी प्रीति शर्मा की तहरीर पर रामपुर कारखाना थाने में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया था। विवेचना के दौरान पुलिस ने हत्या के आरोप में आठ लोगों को गिरफ्तार किया।
पुलिस ने जिन आरोपियों को गिरफ्तार किया है, उनमें अनुज कुमार सिंह, हितेश सिंह उर्फ आर्यन उर्फ भोलू सिंह, प्रेम सिंह उर्फ प्रदीप सिंह, गिरिजेश सिंह, गोरख सिंह, रानी देवी, दुर्गावती और सुभावती देवी उर्फ प्रभा देवी शामिल हैं। सभी आरोपी रामपुर कारखाना थाना क्षेत्र के नौतन हथियागढ़ गांव के निवासी बताए गए हैं।
पुलिस ने बताया कि मामले की विवेचना जारी है और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
Location : Deoria
Published : 7 July 2026, 7:24 PM IST
Topics : crime news Deoria News UP Police uttar pradesh