Deoria Crime: चार महीने पहले हुई शादी, पत्नी का रिश्तेदार आया तो बढ़ा विवाद; कमरे में फंदे से लटका मिला युवक

देवरिया के खुखुंदू थाना क्षेत्र में पत्नी के ममेरे भाई के घर आने को लेकर पति-पत्नी के बीच विवाद हुआ। इसके बाद युवक ने कमरे में छत की कुंडी से फंदा लगाकर आत्महत्या का प्रयास किया। परिजनों ने दरवाजा तोड़कर उसे बाहर निकाला और अस्पताल पहुंचाया, जहां से गोरखपुर रेफर किया गया।

Post Published By: Poonam Rajput
Updated : 17 September 2026, 11:23 AM IST

Deoria News: उत्तर प्रदेश के देवरिया में पति-पत्नी के बीच हुए विवाद के बाद एक युवक द्वारा आत्महत्या का प्रयास करने का मामला सामने आया है। खुखुंदू थाना क्षेत्र के ग्राम खखड़ी में बुधवार रात उस समय हड़कंप मच गया, जब युवक कमरे में छत की कुंडी से फंदा लगाकर लटक गया। काफी देर तक दरवाजा नहीं खुलने पर परिजनों ने फाटक तुड़वाया, जिसके बाद युवक को गंभीर हालत में अस्पताल पहुंचाया गया।

पत्नी के ममेरे भाई के आने को लेकर था विवाद

परिजनों के अनुसार, युवक की शादी करीब चार महीने पहले ही हुई थी। बताया जा रहा है कि पत्नी के ममेरे भाई का घर पर आना-जाना युवक को पसंद नहीं था। इसी बात को लेकर पति-पत्नी के बीच अक्सर विवाद होता रहता था।

बुधवार शाम युवक जब घर पहुंचा, तो उसकी पत्नी का ममेरा भाई घर पर मौजूद था। कुछ देर बाद रिश्तेदार के वहां से जाने के बाद पति-पत्नी के बीच इसी बात को लेकर विवाद बढ़ गया।

विवाद के बाद कमरे में चला गया युवक

बताया जा रहा है कि पति-पत्नी के बीच कहासुनी के बाद युवक अपने कमरे में चला गया। इसके बाद उसने कथित तौर पर कमरे की छत की कुंडी से फंदा लगा लिया। काफी देर तक जब कमरे का दरवाजा नहीं खुला तो परिजनों को चिंता हुई।

परिजनों ने दरवाजा खुलवाने का प्रयास किया, लेकिन अंदर से कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली। इसके बाद फाटक तुड़वाया गया। कमरे के अंदर युवक फंदे से लटका मिला। परिजनों ने तत्काल उसे नीचे उतारा और इलाज के लिए अस्पताल लेकर पहुंचे।

कैंचीधाम जाने वालों के लिए बड़ी खबर, ट्रैफिक जाम से मिलेगी राहत; तीन से चार घंटे का सफर अब 1 घंटे में

मेडिकल कॉलेज से गोरखपुर रेफर

आनन-फानन में युवक को महर्षि देवरहा बाबा मेडिकल कॉलेज ले जाया गया। यहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर हालत को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए गोरखपुर मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया।

फिलहाल युवक की हालत गंभीर बताई जा रही है। घटना के बाद परिवार में तनाव का माहौल बना हुआ है।

पुलिस कर रही मामले की जांच

घटना की सूचना मिलने पर पुलिस ने मामले का संज्ञान लिया। खुखुंदू थाना प्रभारी राहुल सिंह ने बताया कि मामला संज्ञान में है और पुलिस द्वारा जांच-पड़ताल की जा रही है।

पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि पति-पत्नी के बीच विवाद की वास्तविक वजह क्या थी और किन परिस्थितियों में युवक ने इतना बड़ा कदम उठाने का प्रयास किया।

Location :  Deoria

Published :  17 September 2026, 11:11 AM IST