Deoria News: शादी के वादे के पीछे छिपा था धोखा? आरोपी पुलिस के हत्थे चढ़ा

देवरिया के थाना खामपार पुलिस ने शादी का झांसा देकर युवती से दुष्कर्म करने के आरोपी को गिरफ्तार किया। आरोपी से युवती की दोस्ती फेसबुक और इंस्टाग्राम के जरिए हुई थी

Post Published By: Pratibha Yadav
Updated : 28 June 2026, 8:33 PM IST

Deoria: थाना खामपार पुलिस ने शादी का झांसा देकर युवती के साथ दुष्कर्म करने के आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के अनुसार आरोपी ने सोशल मीडिया के माध्यम से युवती से दोस्ती की थी और प्रेमजाल में फंसाकर उसके साथ दुष्कर्म किया। पीड़िता की शिकायत पर मुकदमा दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।

अभियान के तहत हुई गिरफ्तारी

पुलिस अधीक्षक देवरिया के निर्देशन में अपराध एवं अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत अपर पुलिस अधीक्षक (दक्षिणी) सुनील कुमार सिंह तथा क्षेत्राधिकारी भाटपार रानी मनोज कुमार के पर्यवेक्षण में थाना खामपार पुलिस ने कार्रवाई की। मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने नवादा मोड़ के पास से आरोपी अभिषेक मधुकर उर्फ लाला, पुत्र स्वर्गीय रामसरण दास, निवासी चांदमारी इमलिया, थाना सरायलखंसी, जनपद मऊ को गिरफ्तार कर लिया।

Deoria News: शादी के वादे के पीछे छिपा था धोखा? आरोपी पुलिस के हत्थे चढ़ा

सोशल मीडिया पर हुई दोस्ती

पुलिस के अनुसार, सोनभद्र जनपद की रहने वाली युवती की आरोपी से फेसबुक और इंस्टाग्राम के माध्यम से दोस्ती हुई थी। आरोप है कि आरोपी ने युवती को प्रेमजाल में फंसाकर उसे देवरिया के थाना खामपार क्षेत्र में बुलाया और शादी का झांसा देकर उसके साथ दुष्कर्म किया।

मारपीट और धमकी का आरोप

पीड़िता का आरोप है कि जब उसने आरोपी से शादी करने की बात कही तो उसने मारपीट की और जान से मारने की धमकी दी। इसके बाद पीड़िता ने थाना खामपार में शिकायत दर्ज कराई।

मुकदमा दर्ज, जांच जारी

पीड़िता की तहरीर के आधार पर थाना खामपार में संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर विवेचना शुरू की गई। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर अग्रिम विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है। मामले की जांच अभी जारी है और पुलिस अन्य तथ्यों की भी पड़ताल कर रही है।

अपराधों पर पुलिस की नजर

पुलिस का कहना है कि सोशल मीडिया के माध्यम से होने वाले अपराधों पर लगातार निगरानी रखी जा रही है। ऐसे मामलों में शिकायत मिलने पर त्वरित कार्रवाई की जा रही है और दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कदम उठाए जा रहे हैं।

Location :  Deoria

Published :  28 June 2026, 8:31 PM IST