
अवैध रूप से खड़े 206 वाहनों पर कार्रवाई (Source: Dynamite News)
Deoria: सड़क सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए देवरिया पुलिस ने बुधवार को सघन चेकिंग अभियान चलाया। पुलिस अधीक्षक अभिजित आर. शंकर के निर्देशन और यातायात प्रभारी गुलाब सिंह के नेतृत्व में शहर के प्रमुख मार्गों और गोरखपुर मार्ग पर वाहनों की जांच की गई। अभियान के दौरान कुल 310 वाहनों के खिलाफ कार्रवाई की गई, जबकि 4 वाहनों को सीज किया गया।
यातायात पुलिस ने शहर के रोडवेज बस स्टैंड, पूर्वा तिराहा, साकेत नगर मार्ग और न्यू कॉलोनी क्षेत्र में विशेष चेकिंग की। इस दौरान सड़क पर अवैध तरीके से खड़े पाए गए 206 वाहनों के चालान किए गए।
पुलिस की इस कार्रवाई का उद्देश्य सड़क किनारे बेतरतीब ढंग से वाहन खड़ा करने की वजह से होने वाली यातायात बाधा और दुर्घटनाओं को रोकना रहा। कार्रवाई के दौरान नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों को यातायात नियमों का पालन करने की हिदायत भी दी गई।
न कोई नियम, न कोई कानून! फिर भी भारत के हर ट्रक के पीछे क्यों छपा होता है ‘Horn OK Please’?
अभियान का सबसे अहम हिस्सा गोरखपुर मार्ग पर चलाया गया, जहां अत्याधुनिक इंटरसेप्टर वाहन और स्पीड लेजर गन की मदद से वाहनों की रफ्तार पर नजर रखी गई।
निर्धारित गति सीमा से अधिक तेज वाहन चलाने वाले 104 वाहन चालकों के ई-चालान किए गए। इंटरसेप्टर वाहन की मदद से पुलिस ने तेज रफ्तार वाहनों की निगरानी की और नियम तोड़ने वालों के खिलाफ तत्काल कार्रवाई की।
चेकिंग अभियान के दौरान पुलिस ने नियमों का उल्लंघन करने वाले 4 वाहनों को सीज भी किया। पुलिस की इस कार्रवाई से वाहन चालकों में हड़कंप की स्थिति रही। यातायात पुलिस ने स्पष्ट किया कि सड़क पर नियमों की अनदेखी करने वालों के खिलाफ आगे भी अभियान जारी रहेगा।
Bareilly News: बहेड़ी विधानसभा के पूर्व प्रत्याशी समेत 5 पर FIR, 8.50 लाख की ठगी का आरोप
यातायात पुलिस ने वाहन चालकों से हेलमेट और सीट बेल्ट का अनिवार्य रूप से इस्तेमाल करने की अपील की। इसके साथ ही निर्धारित गति सीमा का पालन करने और शराब पीकर वाहन नहीं चलाने की सलाह दी गई।
पुलिस ने मोबाइल फोन का इस्तेमाल करते हुए वाहन चलाने से भी बचने को कहा। अधिकारियों का कहना है कि यातायात नियमों का पालन करके सड़क दुर्घटनाओं को काफी हद तक रोका जा सकता है।
देवरिया पुलिस ने साफ किया है कि यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ इसी तरह सख्त कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी। इंटरसेप्टर वाहन और स्पीड लेजर गन की मदद से तेज रफ्तार वाहनों की निगरानी पर विशेष जोर दिया जा रहा है।
Location : Deoria
Published : 5 August 2026, 3:38 PM IST
Topics : Deoria News Deoria Police Traffic News