पीड़िता के आंसुओं का हिसाब और शिकंजे में मुख्य आरोपी! देवरिया पुलिस के हत्थे चढ़ा 25 हजार का इनामी

देवरिया में दुष्कर्म के मामले में फरार चल रहे 25 हजार रुपये के इनामी आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। मामले में पांच अन्य आरोपी पहले ही जेल भेजे जा चुके हैं।

Post Published By: Pratibha Yadav
Updated : 15 September 2026, 6:48 PM IST

Deoria: उत्तर प्रदेश के देवरिया जिले में दुष्कर्म के एक मामले में लंबे समय से फरार चल रहे 25 हजार रुपये के इनामी आरोपी को कोतवाली पुलिस ने गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक आरोपी की पहचान 20 वर्षीय दिव्यांशु यादव के रूप में हुई है। उसे मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर धनौती तिराहे के पास से पकड़ा गया।

महिला ने दर्ज कराई थी शिकायत

पुलिस के अनुसार, 11 अप्रैल 2026 को एक महिला ने कोतवाली थाने में शिकायत दी थी। महिला का आरोप था कि दो बाइकों पर सवार कुछ लोगों ने बड़हरा चौराहे के पास उसकी कार को रोक लिया। इसके बाद उसके साथ छेड़खानी और मारपीट की गई। शिकायत में महिला ने अपने देवर के साथ मारपीट करने और उसके साथ दुष्कर्म किए जाने का भी आरोप लगाया था।

अस्पताल है या जिल्लत का अखाड़ा! स्वास्थ्य सेवाओं के बड़े दावों की उड़ रही धज्जियां, जानिये देवरिया अस्पताल में तड़पते मरीजों का सच

शिकायत करने पर धमकी देने का भी आरोप

महिला ने आरोप लगाया था कि घटना के बाद आरोपियों की ओर से शिकायत करने पर जान से मारने की धमकी भी दी गई। शिकायत के आधार पर कोतवाली पुलिस ने संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू की थी।

पांच आरोपी पहले ही जेल भेजे जा चुके

पुलिस के मुताबिक मामले में नामजद पांच अन्य आरोपियों को पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका है। गिरफ्तारी के बाद सभी आरोपियों को न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया था। वहीं, दिव्यांशु यादव फरार चल रहा था और उसकी गिरफ्तारी पर 25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था।

कागजी रिपोर्ट से पर्दाफाश! लापरवाही पर देवरिया के चार एडीओ पंचायत को नोटिस, क्या अब बचेगी इनकी नौकरी?

आरोपी के खिलाफ आगे की कार्रवाई जारी

अब पुलिस ने वांछित इनामी आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। क्षेत्राधिकारी नगर देवरिया संजय कुमार रेड्डी के मुताबिक गिरफ्तारी के बाद आरोपी के खिलाफ नियमानुसार आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

Location :  Deoria

Published :  15 September 2026, 6:48 PM IST