
प्रतीकात्मक तस्वीर (Img: Google)
Deoria: उत्तर प्रदेश के देवरिया शहर के रामगुलाम टोला इलाके में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। पारिवारिक विवाद के बीच शराब के नशे में धुत एक पति ने अपनी पत्नी पर जानलेवा हमला कर दिया। इस घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई और स्थानीय लोग भी दहशत में आ गए।
जानकारी के अनुसार, सदर कोतवाली क्षेत्र के वार्ड नंबर-20 निवासी पवन गिरी का अपनी पत्नी अन्नू गिरी से किसी बात को लेकर विवाद हो गया। आरोप है कि विवाद के दौरान पवन गिरी ने शराब के नशे में अपना आपा खो दिया और पत्नी पर चाकू से हमला कर दिया। हमले में अन्नू गिरी के गले पर गंभीर चोट आई, जिससे वह लहूलुहान होकर मौके पर ही गिर पड़ीं।
घटना की सूचना मिलते ही आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और पुलिस को जानकारी दी गई। यूपी-112 की टीम तथा स्थानीय पुलिस तत्काल घटनास्थल पर पहुंची और घायल महिला को इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज देवरिया भेजा गया।
Malviya Nagar fire: आखिर क्यों कुक केशव नेगी के समर्थन में उतर आया पूरा उत्तराखंड?
मेडिकल कॉलेज में प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने महिला की हालत गंभीर देखते हुए उन्हें बीआरडी मेडिकल कॉलेज गोरखपुर रेफर कर दिया। फिलहाल उनका इलाज जारी है और डॉक्टरों की टीम लगातार निगरानी कर रही है।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, घटना की सूचना मिलने के बाद आरोपी पति पवन गिरी को हिरासत में ले लिया गया है। उससे पूछताछ की जा रही है ताकि घटना के पीछे की पूरी वजह सामने आ सके।
घायल महिला की मां द्वारा दी गई तहरीर के आधार पर सदर कोतवाली में संबंधित धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस का कहना है कि मामले की गहन जांच की जा रही है और जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
Location : Deoria
Published : 8 June 2026, 6:26 PM IST
Topics : crime news Deoria News Domestic Violence UP News