एक बाउंड्री वॉल, महीनों की शिकायत और फिर SDM ऑफिस में हंगामा! आखिर युवक को क्यों उठाना पड़ा यह कदम?

देवरिया के सलेमपुर में एक जमीन विवाद ने ऐसा मोड़ ले लिया कि युवक सीधे एसडीएम कार्यालय पहुंच गया। आरोप है कि कई शिकायतों के बावजूद कार्रवाई नहीं हुई, जिससे नाराज युवक ने कार्यालय परिसर में हंगामा कर दिया।

Post Published By: Suresh Prajapati
Updated : 23 June 2026, 5:05 PM IST

Deoria: सलेमपुर तहसील क्षेत्र में एक बाउंड्री वॉल विवाद उस समय चर्चा का विषय बन गया जब अपनी शिकायतों पर कार्रवाई न होने से नाराज एक युवक सीधे एसडीएम कार्यालय पहुंच गया और वहां हंगामा कर दिया। घटना के दौरान कार्यालय परिसर में कुछ समय के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और युवक को अपने साथ कोतवाली ले गई।

किस लिए कर रहा था हंगामा?

हरैया वार्ड निवासी रितिक गुप्ता उर्फ विकास, पुत्र ओमप्रकाश गुप्ता ने आरोप लगाया कि उनका परिवार मुंबई में रहता है। हाल ही में जब वह सलेमपुर पहुंचे तो उन्हें जानकारी मिली कि पड़ोसी सुभाष चंद्र सिंह ने उनकी बाउंड्री वॉल के ऊपर छत का निर्माण करा लिया है। रितिक का कहना है कि यह निर्माण उनकी अनुमति के बिना किया गया है और इससे उनके अधिकार प्रभावित हुए हैं। उन्होंने इस मामले में प्रशासनिक अधिकारियों से कई बार शिकायत भी की, लेकिन अब तक कोई स्थायी समाधान नहीं निकल सका।

186 करोड़ की लागत से बरेली बना प्रदेश का पहला ऐसा हाईटेक जिला जहां चार कारागार होंगे संचालित

एक महीने से लगा रहे थे अधिकारियों के चक्कर

रितिक के अनुसार वह पिछले करीब एक माह से न्याय की उम्मीद में विभिन्न अधिकारियों के कार्यालयों के चक्कर लगा रहे हैं। उन्होंने क्षेत्रीय लेखपाल, नायब तहसीलदार और एसडीएम से शिकायत की। इतना ही नहीं, मुख्यमंत्री जनसुनवाई पोर्टल पर भी दो बार शिकायत दर्ज कराई, लेकिन उन्हें कोई ठोस कार्रवाई दिखाई नहीं दी। युवक का कहना है कि उनके पिता दिव्यांग हैं और वह स्वयं मुंबई में नौकरी करते हैं। पिछले एक महीने से मामले के समाधान के लिए सलेमपुर में रुके हुए हैं। उनका आरोप है कि लगातार भागदौड़ के कारण उनकी नौकरी पर भी संकट खड़ा हो गया है।

एसडीएम कार्यालय में सिर दीवार से मारने लगा युवक

सोमवार को जब रितिक एसडीएम कार्यालय पहुंचे तो वह काफी आक्रोशित दिखाई दिए। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, उन्होंने अपनी नाराजगी जाहिर करते हुए कार्यालय परिसर में हंगामा शुरू कर दिया और अपना सिर दीवार से मारने लगे। यह देखकर वहां मौजूद लोगों में हड़कंप मच गया। मौके पर मौजूद कर्मचारियों और अन्य लोगों ने युवक को शांत कराने का प्रयास किया। इसके बाद प्रशासन को सूचना दी गई, जिस पर पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और युवक को अपने साथ थाने ले गई।

मोहर्रम को लेकर बरेली रेंज में हाई अलर्ट, 1384 जुलूसों की निगरानी के लिए 55 जोन और 202 सेक्टर बनाए गए

प्रशासन ने शुरू की कार्रवाई

प्रशासनिक अधिकारियों का कहना है कि सरकारी कार्यालय परिसर में उपद्रव या हंगामा करना नियमों के विरुद्ध है। इस मामले में युवक के खिलाफ शांति भंग की कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।

दूसरे पक्ष को भेजा जा रहा नोटिस

एसडीएम सलेमपुर दिशा श्रीवास्तव ने बताया कि विवादित मामले में दूसरे पक्ष सुभाष चंद्र सिंह, निवासी ग्राम अजना, को पहले दो बार फोन के माध्यम से बुलाया गया था, लेकिन वे उपस्थित नहीं हुए। अब उनके आवास पर नोटिस चस्पा कराने की कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने कहा कि पूरे मामले की जांच नियमानुसार की जा रही है। दोनों पक्षों की बात सुनने के बाद ही आगे की आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

Location :  Deoria

Published :  23 June 2026, 5:05 PM IST