नींव खोदते ही भरभराकर गिरी दीवार! मलबे में दबा 25 साल का मजदूर, परिजनों का रो-रोक बुरा हाल

देवरिया में मकान की नींव खोदते समय अचानक पुरानी दीवार भरभराकर गिर गई। मलबे में दबे 25 वर्षीय मजदूर को ग्रामीणों और साथी मजदूरों ने कड़ी मशक्कत के बाद बाहर निकाला, लेकिन अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।

Post Published By: Suresh Prajapati
Updated : 10 September 2026, 4:05 PM IST

Deoria: भाटपार रानी थाना क्षेत्र में गुरुवार को मकान निर्माण के दौरान एक दर्दनाक हादसा हो गया। नींव की खुदाई कर रहे 25 वर्षीय मजदूर के ऊपर अचानक पुरानी दीवार भरभराकर गिर गई। दीवार के मलबे में दबने से मजदूर की मौत हो गई। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और आसपास के लोग मदद के लिए दौड़ पड़े।

नींव खोदते समय अचानक हुआ हादसा

जानकारी के मुताबिक, बरिहारी बघेल गांव निवासी मुन्ना यादव के यहां नए मकान का निर्माण कराया जा रहा था। गुरुवार सुबह करीब 11 बजे कुईचर गांव निवासी 25 वर्षीय शामू पुत्र मुन्ना प्रसाद नींव की खुदाई में लगा था। इसी दौरान निर्माण स्थल के पास मौजूद एक पुरानी दीवार अचानक भरभराकर गिर गई। मजदूर कुछ समझ पाता, उससे पहले ही वह दीवार के भारी मलबे के नीचे दब गया।

हादसा इतना अचानक हुआ कि वहां काम कर रहे दूसरे मजदूर भी घबरा गए। कुछ ही देर में उनकी आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण भी मौके पर पहुंच गए।

ये भी पढ़ें- Jaipur Kidnapping Attempt: सेंट्रल पार्क से CA के अपहरण की फिल्मी कोशिश, एक्सीडेंट के बाद मर्सिडीज छोड़ भागे बदमाश

ग्रामीणों ने मलबा हटाकर मजदूर को निकाला

मजदूर के मलबे में दबे होने की जानकारी मिलते ही लोगों ने बचाव शुरू कर दिया। निर्माण कार्य में लगे मजदूरों और ग्रामीणों ने मिलकर काफी मशक्कत के बाद मलबा हटाया और शामू को बाहर निकाला।उसे तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भाटपार रानी ले जाया गया। परिजनों और ग्रामीणों को उम्मीद थी कि समय रहते इलाज मिलने से उसकी जान बच जाएगी, लेकिन चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।

भाई की मौत की खबर सुनकर परिवार में मचा कोहराम

शामू दो भाइयों में छोटा था। हादसे की खबर मिलते ही उसका बड़ा भाई रामू घटनास्थल पर पहुंचा। अस्पताल में भाई की मौत की जानकारी मिलते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई। युवा मजदूर की अचानक मौत से पूरे गांव में मातम का माहौल है। जिस घर में निर्माण कार्य चल रहा था, वहां भी हादसे के बाद काम रोक दिया गया और लोगों की भीड़ जुटी रही।

ये भी पढ़ें- ‘पढ़ेंगे-लिखेंगे तो भविष्य बनेगा’ पर मास्टर साहब तो बच्चों से मजदूरी करा रहे! मिर्जापुर के वायरल वीडियो पर फूटा आक्रोश

सुरक्षा इंतजामों पर उठे सवाल

हादसे ने मकान निर्माण के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। पुरानी दीवार के पास नींव की खुदाई करते समय किस तरह के सुरक्षा उपाय किए गए थे, यह जांच का विषय है। स्थानीय ग्रामीणों ने प्रशासन से पूरे मामले की जांच कराने की मांग की है। साथ ही पीड़ित परिवार को उचित आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने की भी मांग उठाई गई है।

फिलहाल हादसे के बाद परिवार सदमे में है। एक मजदूर की जान चले जाने से गांव में भी शोक का माहौल बना हुआ है। प्रशासन की जांच के बाद ही हादसे की पूरी वजह और जिम्मेदारी को लेकर स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

Location :  Deoria

Published :  10 September 2026, 4:05 PM IST