मक्का सुखाने गया किसान वापस नहीं लौटा घर, हत्या या हादसा?

मक्का सुखाने घर से निकला किसान वापस घर न लौटा तो जांच में पुलिस जुट गई। पढ़िए डाइनामाइट न्यूज़ की पूरी रिपोर्ट

Post Published By: Asmita Patel
Updated : 15 June 2025, 12:31 PM IST
google-preferred

कन्नौज: जिले के तिर्वा कोतवाली क्षेत्र में उस समय सनसनी फैल गई जब रविवार सुबह एक किसान का शव संदिग्ध हालत में मिला। मृतक की पहचान खखरियापुर निवासी 40 वर्षीय प्रदीप राजपूत पुत्र बाबूराम के रूप में हुई है।

डाइनामाइट न्यूज़ सवाददाता को मिली जानकारी के अनुसार, प्रदीप शनिवार की रात अपने खेत के पास कपूरा पुर पुल के पास मक्का सुखा रहे थे। लेकिन रविवार सुबह उनका शव उसी जगह से करीब 100 मीटर दूर पाया गया।

मक्का सुखाते समय हुआ विवाद

प्रदीप शनिवार देर रात खेत में मक्का सुखाने के लिए गए थे। जानकारी के अनुसार, उसी स्थान पर कुछ अन्य किसान भी मक्का सुखा रहे थे। बताया जा रहा है कि शनिवार को उन किसानों से प्रदीप का किसी बात को लेकर विवाद हो गया था। परिजनों का आरोप है कि उसी विवाद के बाद प्रदीप की हत्या कर दी गई।

सुबह खेत पहुंचने पर हुआ खुलासा

रविवार सुबह जब ग्रामीण खेत की ओर गए तो उन्होंने प्रदीप का शव मक्के से थोड़ी दूरी पर पड़ा देखा। यह खबर जैसे ही गांव में फैली, मौके पर भारी संख्या में ग्रामीण एकत्र हो गए। परिजनों ने तीन लोगों पर हत्या का आरोप लगाया है, जिनकी पहचान पुलिस ने गोपनीय रखी है।

पुलिस ने शुरू की जांच

सूचना मिलते ही तिर्वा कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, शव पर कुछ संदिग्ध चोट के निशान मिले हैं। जिससे प्रथम दृष्टया मामला हत्या का प्रतीत हो रहा है। हालांकि, पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मृत्यु के कारण की पुष्टि हो सकेगी।

परिजनों में मचा कोहराम

किसान की असामयिक मौत से गांव में मातम पसरा हुआ है। प्रदीप अपने परिवार के एकमात्र कमाऊ सदस्य थे। उनकी मौत से पत्नी, बच्चे और वृद्ध माता-पिता का रो-रोकर बुरा हाल है। परिजनों ने मांग की है कि दोषियों को जल्द गिरफ्तार किया जाए और कड़ी सजा दी जाए।

पुलिस का बयान

पुलिस ने बताया कि परिजनों की तहरीर पर नामजद लोगों के खिलाफ जांच शुरू कर दी गई है। जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा। घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं और आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है।

Location : 
  • Kannauj

Published : 
  • 15 June 2025, 12:31 PM IST

Advertisement
Advertisement