
पुलिस गिरफ्त में आरोपी
Gorakhpur: गोरखपुर जिले के पिपराइच थाना क्षेत्र में साइबर धोखाधड़ी के एक बड़े मामले का पुलिस ने खुलासा करते हुए पति-पत्नी को गिरफ्तार किया है। आरोप है कि दोनों ने सुनियोजित तरीके से लोगों के बैंक खातों से धोखाधड़ी कर कुल 1 लाख 71 हजार रुपये निकाल लिए थे। पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके खिलाफ आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, धोखाधड़ी और साइबर अपराधों पर अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई। पुलिस अधीक्षक उत्तरी के निर्देशन, क्षेत्राधिकारी चौरी चौरा के पर्यवेक्षण तथा प्रभारी निरीक्षक पिपराइच के नेतृत्व में गठित टीम ने मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपियों को दबोच लिया।
गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान विकास विश्वकर्मा पुत्र रविन्द्र विश्वकर्मा तथा उसकी पत्नी नीतू विश्वकर्मा निवासी कुसमी बाजार, थाना एम्स, जनपद गोरखपुर के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक दोनों ने मिलकर लोगों के खातों से अवैध तरीके से धनराशि निकाली और उन्हें आर्थिक नुकसान पहुंचाया।
इस मामले में थाना पिपराइच पर मु0अ0सं0 216/2026 के तहत धारा 316(5), 318(4) एवं 61(2) भारतीय न्याय संहिता के अंतर्गत मुकदमा दर्ज किया गया था। पुलिस को मिली तहरीर और जांच के आधार पर दोनों आरोपियों की गिरफ्तारी की गई।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि साइबर ठगी और बैंकिंग फ्रॉड के मामलों में लगातार निगरानी बढ़ाई जा रही है। लोगों से अपील की गई है कि वे अपने बैंक खाते, एटीएम, ओटीपी और मोबाइल बैंकिंग संबंधी जानकारी किसी अंजान व्यक्ति के साथ साझा न करें। किसी भी संदिग्ध कॉल या ऑनलाइन लेनदेन की सूचना तत्काल पुलिस और साइबर हेल्पलाइन को दें।
गिरफ्तारी करने वाली टीम में उपनिरीक्षक सचिन पाण्डेय, उपनिरीक्षक विकास साहू, कांस्टेबल संदीप कुमार, कांस्टेबल चालक माधव मुरारी, आरक्षी शुभांशु कुमार तथा महिला आरक्षी संध्या शामिल रहीं। पुलिस टीम की इस कार्रवाई को साइबर अपराध के खिलाफ बड़ी सफलता माना जा रहा है।
Location : Gorakhpur
Published : 28 May 2026, 7:51 PM IST
Topics : Bank Account Cyber Fraud Gorakhpur Husband wife UP News