चोरी से गैंगस्टर तक… शिकंजे में आया 50 हजार का इनामी अपराधी, आजमगढ़ में STF का बड़ा ऑपरेशन

उत्तर प्रदेश एसटीएफ ने आजमगढ़ से 50 हजार रुपये के इनामी आरोपी अब्दुल वाहिद को गिरफ्तार किया है। आरोपी गैंगस्टर एक्ट समेत कई मामलों में वांछित चल रहा था। एसटीएफ ने देर रात कार्रवाई करते हुए उसे हाईवे से दबोचा।

Post Published By: Asmita Patel
Updated : 27 May 2026, 2:33 PM IST

Azamgarh: उत्तर प्रदेश एसटीएफ को एक बड़ी कामयाबी हाथ लगी है। लंबे समय से फरार चल रहे और 50 हजार रुपये के इनामी आरोपी को एसटीएफ ने आखिरकार गिरफ्तार कर लिया। आरोपी पर गैंगस्टर एक्ट समेत कई गंभीर मामलों में मुकदमे दर्ज हैं। गिरफ्तारी के बाद इलाके में चर्चा तेज हो गई है और पुलिस अब उससे जुड़े अन्य मामलों की भी जांच में जुट गई है।

एसटीएफ ने दबोचा 50 हजार का इनामी आरोपी

एसटीएफ उत्तर प्रदेश की प्रयागराज फील्ड यूनिट ने आजमगढ़ जिले से 50 हजार रुपये के इनामी आरोपी अब्दुल वाहिद को गिरफ्तार किया है। आरोपी के खिलाफ थाना निजामाबाद में गैंगस्टर एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज था और वह लंबे समय से फरार चल रहा था। गिरफ्तार आरोपी की पहचान अब्दुल वाहिद पुत्र शेर अली निवासी मुस्लिम पट्टी थाना निजामाबाद जनपद आजमगढ़ के रूप में हुई है।

UP STF की बड़ी कार्रवाई: तीन झोलों में भरकर ले जाए जा रहे थे 100 तोते, ऐसे दबोचा तस्कर

कहां से हुई गिरफ्तारी

एसटीएफ टीम ने आरोपी को आजमगढ़-वाराणसी नेशनल हाईवे पर बिंद्रा बाजार कट जियो टावर के सामने स्थित सड़क से गिरफ्तार किया। गिरफ्तारी 27 मई 2026 को देर रात करीब 1:05 बजे की गई।

कैसे मिली सफलता

एसटीएफ को काफी समय से फरार और इनामी अपराधियों की तलाश में लगातार सूचनाएं मिल रही थीं। इसी के आधार पर प्रयागराज फील्ड यूनिट की टीम सक्रिय थी। पुलिस उपाधीक्षक शैलेश प्रताप सिंह के पर्यवेक्षण और निरीक्षक जय प्रकाश राय के नेतृत्व में टीम लगातार अपराधियों के संबंध में सूचना जुटा रही थी। इसी दौरान आरोपी अब्दुल वाहिद के बारे में पुख्ता जानकारी मिली, जिसके बाद घेराबंदी कर उसे गिरफ्तार कर लिया गया।

UP Codeine Cough Syrup Case: यूपी से कैसे फैला करोड़ों का काला कारोबार? UP STF ने खोला कोडीन कफ सिरप कांड का राज

पूछताछ में क्या बोला आरोपी

पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह मूल रूप से मुस्लिम पट्टी थाना निजामाबाद का रहने वाला है। उसने स्वीकार किया कि वर्ष 2024 में अपने साथियों के साथ मिलकर कई चोरी की घटनाओं को अंजाम दिया था, जिनसे जुड़े कई मुकदमे उसके खिलाफ दर्ज हैं। वह पहले जेल भी जा चुका है। पुलिस के अनुसार वर्ष 2026 में उसके और उसके साथियों के खिलाफ गैंगस्टर एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया था, जिसमें वह वांछित चल रहा था। गिरफ्तारी पर 50 हजार रुपये का इनाम भी घोषित था।

आरोपी पर दर्ज मुकदमे

एसटीएफ के अनुसार आरोपी के खिलाफ चोरी, आपराधिक गतिविधियों और गैंगस्टर एक्ट के तहत कई मुकदमे दर्ज हैं। इनमें थाना निजामाबाद में दर्ज विभिन्न धाराओं के मामले शामिल हैं।

Location :  Azamgarh

Published :  27 May 2026, 2:33 PM IST