हिंदी
लव मैरिज (Img : pinterest)
Baghpat: बागपत के झूंडपुर गांव में प्रेम विवाह करने वाले युवक-युवती के दोबारा गांव लौटने के बाद माहौल गरमा गया। दोनों करीब चार महीने पहले घर से चले गए थे और बाद में कोर्ट मैरिज कर ली थी। शादी के बाद दोनों गांव से बाहर रह रहे थे। करीब दो सप्ताह पहले जब दंपती वापस गांव आया और यहां रहने लगा तो ग्रामीणों और युवती के परिजनों ने इसका विरोध शुरू कर दिया। मामला बढ़ने पर बुधवार को गांव में पंचायत बुलाई गई।
झूंडपुर गांव निवासी जाट समाज के युवक का पड़ोस में रहने वाली हिंदू लुहार समाज की युवती से प्रेम प्रसंग चल रहा था। ग्रामीणों के मुताबिक, करीब छह महीने पहले दोनों पहली बार गांव से चले गए थे। उस समय परिवार और ग्रामीणों ने दोनों को समझाने की कोशिश की थी। बताया जा रहा है कि समझाने के बाद युवक युवती को वापस घर छोड़ गया था। इसके बाद युवती की विधवा मां ने बेटी को कुछ समय के लिए रिश्तेदारी में रहने भेज दिया। परिवार को उम्मीद थी कि मामला धीरे-धीरे शांत हो जाएगा और दोनों अलग हो जाएंगे।
यूपी के मंदिर में डबल मर्डर: पूजा की थाल वाले हाथ रंगे खून से, बागपत में पुजारी ने कराया डबल मर्डर
कोर्ट मैरिज करने के बाद दोनों काफी समय तक गांव से बाहर रहे। इस दौरान गांव में भी मामला धीरे-धीरे शांत हो गया था। ग्रामीणों को लगा कि दोनों अब गांव में नहीं लौटेंगे। लेकिन करीब दो सप्ताह पहले दंपती दोबारा झूंडपुर गांव पहुंच गया और यहां रहने लगा। दोनों के गांव में रहने की जानकारी जब ग्रामीणों और युवती के परिजनों को हुई तो उन्होंने इस पर आपत्ति जताई। ग्रामीणों का कहना था कि दोनों ने अपनी मर्जी से शादी की है, लेकिन उनके गांव में रहने को लेकर कुछ लोगों को आपत्ति है। इसी मुद्दे पर बुधवार को पंचायत बुलाने का फैसला किया गया।
बुधवार को गांव में हुई पंचायत में युवक और युवती के परिवार के लोग भी शामिल हुए। पंचायत के दौरान दोनों के गांव में रहने को लेकर ग्रामीणों ने अपनी बात रखी। बताया गया कि ग्रामीणों को प्रेम विवाह से आपत्ति नहीं है, लेकिन वे चाहते हैं कि दोनों गांव से बाहर रहकर अपना जीवन बिताएं। पंचायत में यह तर्क भी दिया गया कि अगर दंपती गांव में ही रहने लगा तो इसका असर गांव के दूसरे युवक-युवतियों पर पड़ सकता है। इसी बात को लेकर पंचायत में काफी देर तक चर्चा हुई।
बागपत में आखिर ऐसा क्या हुआ कि किन्नरों को डीएम कार्यालय पहुंचना पड़ा? खोली बड़ी पोल
पंचायत की सूचना मिलने के बाद पुलिस भी मौके पर पहुंची और पूरे मामले की जानकारी ली। पुलिस ने ग्रामीणों और परिवार के लोगों से बातचीत कर स्थिति का जायजा लिया। अधिकारियों के मुताबिक, फिलहाल गांव में किसी तरह का तनाव या शांतिभंग की स्थिति नहीं है। एसपी सूरज कुमार राय ने बताया कि युवक और युवती ने अपनी मर्जी से प्रेम विवाह किया है और इस विवाह को लेकर किसी को आपत्ति नहीं है। गांव में दोनों के आकर रहने को लेकर ग्रामीणों ने पंचायत की थी। पंचायत में दोनों को गांव से बाहर रहने की बात कही गई, जिसके बाद युवक अपनी पत्नी के साथ गांव से चला गया।
इस पूरे मामले में सबसे अहम बात यह है कि युवक और युवती ने कोर्ट मैरिज अपनी मर्जी से की है। पुलिस के अनुसार, विवाद शादी को लेकर नहीं बल्कि दोनों के दोबारा गांव में आकर रहने को लेकर हुआ। पंचायत के बाद दंपती के गांव से चले जाने के कारण फिलहाल मामला शांत है। युवक और युवती करीब चार महीने से गांव से बाहर रह रहे थे। अब पंचायत के बाद दोनों एक बार फिर गांव से बाहर चले गए हैं। पुलिस का कहना है कि अगर आगे किसी तरह की शिकायत या विवाद सामने आता है तो उसके अनुसार कार्रवाई की जाएगी।
Location : Baghpat
Published : 13 August 2026, 1:17 PM IST