
यूथ कांग्रेस नेता आशीष शिंदे पर जानलेवा हमला
छत्तीसगढ़: रायपुर की सेंट्रल जेल से एक बार फिर गैंगवार की खतरनाक खबर सामने आई है। इस बार निशाना बने हैं यूथ कांग्रेस नेता आशीष शिंदे, जिन पर दो कैदियों ने जेल परिसर के अंदर ही धारदार हथियार से जानलेवा हमला कर दिया। हमले में एक अन्य कैदी भी घायल हुआ है। दोनों को गंभीर हालत में अंबेडकर अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनकी हालत नाजुक बताई जा रही है।
सूत्रों के अनुसार, यह हमला जेल में चल रही गुटबाजी और राजनीतिक रंजिश का परिणाम माना जा रहा है। जेल प्रशासन ने हमलावरों की पहचान कर ली है, हालांकि आधिकारिक रूप से उनके नाम जांच पूरी होने के बाद ही सार्वजनिक किए जाएंगे। हमलावरों ने शिंदे पर पीठ और सीने को निशाना बनाकर हमला किया, जिससे अंदाजा लगाया जा सकता है कि हमले की मंशा हत्या करने की थी।
गौर करने वाली बात यह है कि बीते दो दिनों में रायपुर सेंट्रल जेल में यह दूसरी बड़ी हिंसक घटना है। बुधवार को ही एक जेल प्रहरी के साथ कैदियों ने मारपीट की थी। अब यूथ कांग्रेस नेता पर हमले ने जेल के सुरक्षा इंतजामों पर बड़ा सवाल खड़ा कर दिया है।
जेल सूत्रों के अनुसार, अंदर लंबे समय से वर्चस्व की लड़ाई चल रही है, जिसमें राजनीतिक रसूख रखने वाले बंदियों के बीच तनाव गहराता जा रहा है।
जानकारी के मुताबिक, आशीष शिंदे पूर्व में फरार रहे कांग्रेस नेता केके श्रीवास्तव की मदद के आरोप में जेल में बंद हैं। केके श्रीवास्तव को पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल का करीबी माना जाता है। अब इस हमले के पीछे एक अन्य वरिष्ठ कांग्रेसी नेता का नाम भी चर्चाओं में आ रहा है, जो खुद धोखाधड़ी के केस में जेल जा चुके हैं।
सूत्रों का कहना है कि यह हमला राजनीतिक प्रतिस्पर्धा का हिस्सा हो सकता है, जिसमें जेल के भीतर बंद गुटों ने मोहरा बनाकर शिंदे पर हमला करवाया।
घटना के बाद रायपुर सेंट्रल जेल में आंतरिक जांच शुरू कर दी गई है। सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के लिए अतिरिक्त सुरक्षाकर्मी तैनात किए गए हैं। जेल प्रशासन अब हमलावरों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की तैयारी में है। जेल अधीक्षक ने घटना पर टिप्पणी करने से इनकार करते हुए कहा कि, जांच पूरी होने के बाद ही तथ्य सामने रखे जाएंगे।
घटना के बाद अब सभी की नजरें छत्तीसगढ़ कांग्रेस की प्रतिक्रिया पर टिकी हैं। फिलहाल पार्टी की ओर से कोई आधिकारिक बयान नहीं आया है, लेकिन सूत्रों का कहना है कि कांग्रेस के भीतर भी इस हमले को लेकर बेचैनी है। राजनीतिक हलकों में यह सवाल उठने लगा है कि क्या यह हमला सिर्फ गुटबाजी का नतीजा है या इसके पीछे कोई गहरी राजनीतिक साजिश छुपी हुई है?
रायपुर सेंट्रल जेल में यूथ कांग्रेस नेता पर हुए इस हमले ने जेल की सुरक्षा व्यवस्था और प्रशासनिक नियंत्रण पर बड़ा सवाल खड़ा कर दिया है।
Location : Chhattisgarh
Published : 18 July 2025, 10:01 AM IST