हिंदी
ग्रामीणों और ग्राम प्रधान की तत्परता से टला बड़ा हादसा (Img: Dynamite News))
Chandauli: चंदौली जिले के बलुआ थाना क्षेत्र स्थित चहनिया बाजार में बीती रात एक किराने की दुकान में अचानक भीषण आग लग गई। देखते ही देखते आग ने पूरी दुकान को अपनी चपेट में ले लिया, जिससे बाजार में अफरा-तफरी और दहशत का माहौल बन गया। आग की ऊंची लपटें देखकर स्थानीय लोग घरों से बाहर निकल आए और आसपास की दुकानों को बचाने के लिए राहत कार्य में जुट गए। घटना की सूचना मिलते ही बलुआ पुलिस मौके पर पहुंची और ग्रामीणों के साथ मिलकर आग पर काबू पाने का अभियान शुरू किया।
आग तेजी से फैल रही थी, लेकिन ग्राम प्रधान ने स्थानीय ग्रामीणों के साथ मिलकर आग बुझाने में अहम भूमिका निभाई। पुलिस और स्थानीय लोगों की सूझबूझ व कड़ी मेहनत के चलते आग को समय रहते नियंत्रित कर लिया गया। यदि आग पर समय रहते काबू नहीं पाया जाता तो आसपास की कई अन्य दुकानें भी इसकी चपेट में आ सकती थीं, जिससे भारी नुकसान होने की आशंका थी।
आग से किराने की दुकान में रखा लाखों रुपये का सामान पूरी तरह जलकर राख हो गया। शुरुआती जानकारी के अनुसार आग लगने के कारणों का अभी तक पता नहीं चल सका है। प्रशासन ने मामले की जांच शुरू कर दी है और आग लगने के वास्तविक कारणों का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है।
इसी दौरान आग की सूचना मिलने पर गांव से चहनिया बाजार की ओर आ रहे एक बाइक सवार महिला और पुरुष सड़क दुर्घटना का शिकार हो गए। स्थानीय लोगों ने दोनों घायलों को गंभीर हालत में तत्काल प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र चहनिया पहुंचाया, ताकि उन्हें समय पर इलाज मिल सके।
घायलों को अस्पताल पहुंचाने पर ड्यूटी पर अपर अधीक्षक डॉ. अनुराग यादव मौजूद नहीं मिले। आरोप है कि अस्पताल में केवल कंपाउंडर ने प्राथमिक उपचार किया। घायलों की गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें बाद में वाराणसी के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। इस घटना के बाद प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र की कार्यप्रणाली पर सवाल उठने लगे हैं।
बलुआ पुलिस ने आग की घटना और उससे जुड़े सभी पहलुओं की जांच शुरू कर दी है। स्थानीय लोगों ने पुलिस, ग्राम प्रधान और ग्रामीणों की तत्परता की सराहना करते हुए कहा कि उनकी सूझबूझ से एक बड़ा हादसा टल गया। वहीं स्वास्थ्य केंद्र की लापरवाही को लेकर भी लोगों में नाराजगी देखी गई।
Location : Chandauli
Published : 15 July 2026, 2:09 PM IST
Topics : Chandauli News fire incident PHC Negligence