मैनपुरी के बरनाहल में कुछ प्रभावशाली लोगों ने एक गरीब परिवार के आशियाने पर ट्रैक्टर और हैड्रा चलवाकर उसे क्षतिग्रस्त कर दिया। इतना ही नहीं, विरोध करने पर पीड़ित के साथ मारपीट की गई और उसे जान से मारने की धमकी दी गई।

पीड़ित ने डीएम को दिया प्रार्थना पत्र
Mainpuri: जनपद के थाना बरनाहल क्षेत्र के ग्राम नवटेडा में दबंगों की कथित गुंडागर्दी का मामला सामने आया है। आरोप है कि गांव के कुछ प्रभावशाली लोगों ने एक गरीब परिवार के आशियाने पर ट्रैक्टर और हैड्रा चलवाकर उसे क्षतिग्रस्त कर दिया। इतना ही नहीं, विरोध करने पर पीड़ित के साथ मारपीट की गई और उसे जान से मारने की धमकी दी गई। घटना के बाद से पीड़ित परिवार दहशत में है और प्रशासन से न्याय की गुहार लगा रहा है।
पीड़ित अवधेश पुत्र स्वर्गीय रतनवीर सिंह ने जिलाधिकारी को दिए प्रार्थना पत्र में बताया कि 22 फरवरी 2026 की सुबह करीब 8 बजे वह अपने नए निर्माणाधीन मकान में मिट्टी डलवा रहे थे। यह मकान उन्होंने वर्षों की मेहनत और जमा-पूंजी से बनवाना शुरू किया था। आरोप है कि उसी दौरान गांव के ही कुछ लोग ट्रैक्टर और हैड्रा लेकर मौके पर पहुंचे और बिना किसी पूर्व सूचना के गाली-गलौज करने लगे।
मैनपुरी में यादव समाज का प्रदर्शन, रिलीज से पहले विवादों में ‘यादव जी की लव स्टोरी’, पढ़ें पूरी खबर
अवधेश का कहना है कि जब उन्होंने इसका विरोध किया तो आरोपियों ने लाठी-डंडों से हमला कर दिया। मारपीट के दौरान वह जमीन पर गिर पड़े। आरोप है कि इसी बीच एक व्यक्ति ने फावड़े से उन पर जानलेवा वार किया, जिससे उन्हें गंभीर चोटें आईं। शोर सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे, तब जाकर हमलावर वहां से भागे।
पीड़ित ने आरोप लगाया है कि दबंगों ने उनके पुराने मकान को भी ट्रैक्टर और हैड्रा से गिरा दिया। साथ ही नए बन रहे मकान का एक कमरा भी पूरी तरह तोड़ दिया, जिससे भारी आर्थिक नुकसान हुआ है। अवधेश के अनुसार, यह सब सुनियोजित तरीके से किया गया और उन्हें आर्थिक व मानसिक रूप से तोड़ने की कोशिश की गई।
घटना के बाद पीड़ित तत्काल पुलिस चौकी पहुंचा और लिखित शिकायत दी। हालांकि उसका आरोप है कि अब तक आरोपियों के खिलाफ कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है। इससे दबंगों के हौसले और बुलंद हो गए हैं। पीड़ित परिवार का कहना है कि आरोपी लगातार उन्हें धमकी दे रहे हैं कि यदि शिकायत वापस नहीं ली तो अंजाम और बुरा होगा।