डिलीवरी के दौरान महिला की मौत, अस्पताल में परिजनों ने किया हंगामा, कहा- डॉक्टरों ने शोषण किया

प्रसव के लिए अस्पताल पहुंची महिला की आखिर कैसे हुई मौत? परिजनों ने सरकारी वार्ड बॉय पर बिना डॉक्टर ऑपरेशन करने और मारपीट के गंभीर आरोप लगाए हैं।

Post Published By: Suresh Prajapati
Updated : 20 October 2026, 6:04 PM IST

Budaun: उत्तर प्रदेश के बदायूं में एक निजी नर्सिंग होम में प्रसव के दौरान महिला की मौत का मामला सामने आया है। परिजनों ने आरोप लगाया है कि अस्पताल में मौजूद एक सरकारी वार्ड बॉय ने बिना डॉक्टर की मौजूदगी में महिला का ऑपरेशन किया। महिला की मौत के बाद अस्पताल में हंगामा हो गया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को संभाला।

प्रसव के लिए अस्पताल पहुंची थी महिला

मृतका की पहचान सोनी, पत्नी सुधीर कुमार, निवासी गांव सगराय, थाना मुजरिया के रूप में हुई है। परिजनों के मुताबिक, सोनी को प्रसव के लिए सिविल लाइन थाना क्षेत्र में स्टेडियम के सामने स्थित एक निजी नर्सिंग होम में ले जाया गया था। आरोप है कि वहां बिना डॉक्टर और प्रशिक्षित स्टाफ की मौजूदगी में सरकारी वार्ड बॉय ने महिला का ऑपरेशन किया। परिजनों ने यह भी आरोप लगाया कि ऑपरेशन के दौरान महिला के हाथ-पैर बांधे गए और उसके साथ मारपीट की गई। हालांकि, इन आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि अभी नहीं हुई है।

देशभर में रावण दहन, लेकिन बदायूं में होती है पूजा! जानें शिवभक्त रावण के मंदिर का रहस्य

महिला की मौत के बाद अस्पताल में हंगामा

बताया जा रहा है कि ऑपरेशन के कुछ समय बाद सोनी की हालत बिगड़ गई और उसकी मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलते ही परिवार के लोग आक्रोशित हो गए और अस्पताल परिसर में हंगामा करने लगे। आरोप है कि महिला की मौत के बाद संबंधित वार्ड बॉय अस्पताल की छत पर जाकर छिप गया। मौके पर पहुंची पुलिस ने भीड़ को हटाकर स्थिति नियंत्रित की।

जरूरी काम से निकला था अमन, रास्ते में मौत ने घेरा! बदायूं में अज्ञात वाहन ने बाइक को रौंदा

पुलिस जांच में जुटी

परिजनों ने आरोपी के खिलाफ तहरीर देकर कड़ी कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने महिला के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। ऑपरेशन किन परिस्थितियों में किया गया और महिला की मौत की वजह क्या थी, इसका पता जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही चल सकेगा।

Location :  Budaun

Published :  20 October 2026, 6:04 PM IST