‘भक्ति के पथ पर हैवानियत का तांडव!’ बाइक की टक्कर और फिर बर्बरता… बदायूं में शिवभक्त महिला की थमीं सांसे

बदायूं के उझानी में कछला से गंगाजल लेकर बुर्रा महादेव मंदिर जा रही 60 वर्षीय शिवभक्त महिला की सड़क हादसे में मौत हो गई। परिजनों ने बाइक सवारों पर टक्कर मारने के बाद मारपीट करने और पुलिस पर लापरवाही का आरोप लगाया है।

Post Published By: Asmita Patel
Updated : 17 August 2026, 1:56 PM IST

Budaun: उत्तर प्रदेश के बदायूं जिले के उझानी क्षेत्र के कछला से गंगाजल भरकर बुर्रा महादेव मंदिर में जल चढ़ाने जा रही एक 60 वर्षीय शिवभक्त महिला की रविवार को उझानी के कल्याण चौक के पास सड़क हादसे में मौत हो गई। परिजनों का आरोप है कि तेज रफ्तार बाइक सवारों ने पहले महिला को टक्कर मारी और फिर गिरने के बाद लात-घूंसों से पीटा। सोमवर को मृतका की पहचान सुकमा देवी (60) पत्नी दरियाओ सिंह निवासी मौसंपुर पट्टी, थाना कादरचौक के रूप में हुई है।

तेज रफ्तार बाइक ने मारी टक्कर

पुलिस और परिजनों के अनुसार सुकमा देवी अपनी टोली के साथ कछला गंगा से जल लेकर बुर्रा महादेव शिव मंदिर जा रही थीं। दोपहर करीब 2 बजे जब वह उझानी के कल्याण चौक के पास पहुंचीं, तभी पीछे से आ रहे तेज रफ्तार बाइक सवारों ने उन्हें टक्कर मार दी। 

प्रत्यक्षदर्शियों और परिजनों का कहना है कि टक्कर के बाद बाइक सवार रुके और आरोप है कि गिरी हुई महिला के साथ बाइक सवारों ने गाली-गलौज करते हुए लात-घूंसों से मारपीट भी की और मौके से फरार हो गए। गंभीर रूप से घायल सुकमा देवी को राहगीरों की मदद से पहले स्थानीय अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

Budaun: मौत के बाद मायके वालों ने लगाए गंभीर आरोप, जानिए क्यों प्रताड़ित की जा रही थी विवाहिता?

पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया शव

घटना के बाद उझानी कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची। शुरुआती तौर पर शव की शिनाख्त न होने पर पुलिस ने शव को अज्ञात में पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भिजवा दिया था। सूचना मिलने पर देर शाम परिजन जिला अस्पताल पहुंचे और शव की पहचान की। परिजनों ने बताया कि सुकमा देवी हर साल की तरह इस बार भी सावन में कछला से जल लाकर बुर्रा महादेव में जलाभिषेक करने जा रही थीं।

Budaun: कासगंज-बरेली पैसेंजर ट्रेन के इंजन में अचानक लगी आग, धुआं उठते ही कूद पड़ा चालक

परिजनों ने पुलिस पर लगाए लापरवाही के आरोप

मृतका के बेटे और अन्य परिजनों ने पुलिस पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि "पुलिस ने न तो हादसा करने वाले बाइक सवारों के बारे में कोई जानकारी दी और न ही बाइक का नंबर बताने की हिम्मत दिखाई।" परिजनों का आरोप है कि अगर समय पर कार्रवाई होती तो शायद महिला की जान बच जाती। मौत की खबर मिलते ही मौसंपुर पट्टी गांव में कोहराम मच गया। घर में मातम का माहौल है।

सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस

उझानी कोतवाल ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारण स्पष्ट हो पाएंगे। उन्होंने कहा कि आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है और बाइक सवारों की पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं। तहरीर के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Location :  Budaun

Published :  17 August 2026, 1:56 PM IST