फसल सींचने निकले थे, खून से भीग गया खेत; पुरानी रंजिश में गांव बना कुरुक्षेत्र, महिला को लगी गोली, 3 गंभीर

बदायूं के सहसवान में पुरानी रंजिश को लेकर दो पक्षों में खूनी संघर्ष हो गया। लाठी-डंडों से मारपीट के दौरान महिला को गोली मार दी गई। घटना में चार लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं। पुलिस ने घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया और आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।

Post Published By: Suresh Prajapati
Updated : 20 August 2026, 2:04 PM IST

Budaun: उत्तर प्रदेश के बदायूं जनपद में पुरानी रंजिश एक बार फिर खून-खराबे में बदल गई। सहसवान कोतवाली क्षेत्र के गांव बड़ेरिया में गुरुवार सुबह फसल में पानी लगाने को लेकर चल रहे विवाद में दो पक्ष आमने-सामने हो गए। इस दौरान जमकर लाठी-डंडे चले और एक महिला को तमंचे से गोली मार दी गई। हमले में तीन अन्य लोग भी गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने सभी घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया और मामले की जांच शुरू कर दी है।

फसल में पानी लगाने को लेकर चल रहा था विवाद

पुलिस के अनुसार गांव बड़ेरिया निवासी 30 वर्षीय मन्नू पुत्र अमर सिंह का गांव के ही रविंद्र, अवधेश, धंसा, बिकलेश, सुनील, गुड्डू, बबलू, मियां और प्रकाश से फसल में पानी लगाने को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा था। इसी पुरानी रंजिश के चलते आज सुबह मन्नू जब अपने खेत पर जा रहा था, तभी पहले से घात लगाकर बैठे रविंद्र, अवधेश और धंसा व बिकलेश ने उस पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया।

मन्नू के चीखने-चिल्लाने की आवाज सुनकर उसका भाई अमरीश, अमरीश की पत्नी रजनी और दूसरा भाई नेत्रपाल मौके पर पहुंचे। इसी बीच दूसरे पक्ष से सुनील, गुड्डू, बबलू, मियां और प्रकाश भी आ गए। आरोप है कि दोनों पक्षों के लोगों ने तीनों भाइयों पर जानलेवा हमला कर दिया और उन्हें लाठी-डंडों से जमकर पीटा।

Budaun: अरिल नदी में युवकों की मस्ती मातम में बदली, घंटों बाद मिली दिल दहला देने वाली खबर

महिला को पेट में लगी गोली

इसी मारपीट के दौरान विपक्षी पक्ष के मियां ने अमरीश की पत्नी रजनी के पेट में नाजायज तमंचे से गोली मार दी। गोली लगते ही रजनी जमीन पर गिर पड़ी। वारदात के बाद सभी आरोपी मौके से फरार हो गए। 

गांव में गोली चलने से हड़कंप मच गया। ग्रामीणों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची सहसवान पुलिस ने घायल मन्नू, अमरीश, नेत्रपाल और गोली लगने से घायल रजनी को गंभीर हालत में जिला अस्पताल में भर्ती कराया। डॉक्टरों के अनुसार सभी की हालत नाजुक बनी हुई है और उनका इलाज चल रहा है।

Budaun: कांवड़ मेले में अवैध वसूली का पर्दाफाश, पूर्व चेयरमैन और उनकी पत्नी पर आरोप

पुलिस ने शुरू की जांच

पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए हैं। बताया कि दोनों पक्षों के बीच पुरानी रंजिश थी। तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए टीमें गठित की गई हैं। गांव में तनाव को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है।

 घायल पीड़ित युवक ने बताई घटना

घायल मन्नू ने अस्पताल में बताया, "हम लोग खेत पर जा रहे थे। पहले से ही लोग रास्ते में बैठे थे। बिना किसी बात के लाठी-डंडे लेकर हमला कर दिया। बचाने आए भाई और भाभी को भी पीटा। भाभी को गोली मार दी।"

Location :  Budaun

Published :  20 August 2026, 2:04 PM IST