एक बाइक पर सवार थे तीन युवक, सामने से आई बस और सब कुछ खत्म! बदायूं में भीषण टक्कर, तीन की मौत से मचा कोहराम

बदायूं के फैजगंज बेहटा क्षेत्र में एमएफ हाईवे पर एक दर्दनाक सड़क हादसे ने तीन परिवारों की खुशियां छीन लीं। रोडवेज बस और बाइक की आमने-सामने हुई टक्कर में बाइक सवार तीन युवकों की मौत हो गई।

Post Published By: Nidhi Kushwaha
Updated : 7 September 2026, 8:43 PM IST

Budaun: बदायूं के फैजगंज बेहटा थाना क्षेत्र में रफ्तार का कहर एक बार फिर देखने को मिला। फैजगंज-बेहटा थाना क्षेत्र में एमएफ हाईवे (मुरादाबाद-फर्रुखाबाद हाईवे) पर तेज रफ्तार रोडवेज बस और बाइक की आमने-सामने हुई भीषण टक्कर में बाइक पर सवार तीन युवकों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। हादसा इतना भीषण था कि बाइक के परखच्चे उड़ गए।

एक ही बाइक पर सवार होकर जा रहे थे तीनों

प्राप्त जानकारी के अनुसार हादसा फैजगंज-बेहटा क्षेत्र के मुड़िया धुरेकी और सैंडौला गांव के बीच एमएफ हाईवे पर हुआ। बताया जा रहा है कि तीनों युवक एक ही बाइक पर सवार होकर कहीं जा रहे थे, तभी सामने से आ रही बदायूं डिपो की रोडवेज बस ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही तीनों बाइक सवार सड़क पर गिरे और गंभीर रूप से घायल हो गए।

ये भी पढ़ें- सत्य निकेतन कांड में अब तक क्या-क्या हुआ? मालिक के साथ बीवी और बेटा भी गिरफ्तार, हाईकोर्ट ने इन विभागों से 10 दिन में मांगा जवाब

हादसे को देख राहगीरों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही फैजगंज बेहटा पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने तीनों घायलों को एंबुलेंस की मदद से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) बिसौली में भर्ती कराया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद तीनों को मृत घोषित कर दिया।

अस्पताल में मची चीख-पुकार

तीनों की मौत की खबर मिलते ही अस्पताल में चीख-पुकार मच गई। वहीं परिजनों में भी कोहराम मचा हुआ है। फिलहाल पुलिस ने तीनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मृतकों की शिनाख्त के प्रयास किए जा रहे हैं। पुलिस रोडवेज बस को कब्जे में लेने और बस चालक की तलाश में जुट गई है।

ये भी पढ़ें- Maharajganj: रेलवे ट्रैक पर घास काट रही युवती की ट्रेन से कटकर दर्दनाक मौत, क्षत-विक्षत हालत में मिला शव

फैजगंज-बेहटा थाना प्रभारी ने बताया कि हादसे की जांच की जा रही है। तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Location :  Budaun

Published :  7 September 2026, 8:43 PM IST