
पुरानी रंजिश के चलते युवक की हत्या (Img: Dynamite News)
Budaun: उत्तर प्रदेश के बदायूं जिले में पुरानी जमीनी रंजिश ने एक बार फिर खूनी रूप ले लिया। जरीफनगर थाना क्षेत्र के कादरचौक गांव में 28 वर्षीय हरिओम की धारदार हथियारों और गोलीबारी के बीच हत्या कर दी गई। इस हमले में बीच-बचाव करने आए दो अन्य लोग भी गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल है। पुलिस ने मामला दर्ज कर कई लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार हरिओम अपने साथी रामानंद के साथ गांव में एक शादी की दावत से घर लौट रहा था। आरोप है कि रास्ते में पहले से घात लगाए बैठे लोगों ने उनकी बाइक रोक ली। इसके बाद लाठी, डंडे, चाकू और फरसे से हमला कर दिया। हमलावरों ने फायरिंग भी की, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
हमले के दौरान हरिओम गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे बचाने पहुंचे उसके साथी और एक अन्य ग्रामीण पर भी हमला कर दिया गया। घटना में हरिओम की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि रामानंद और जुगेंद्र घायल हो गए। दोनों का जिला अस्पताल में इलाज चल रहा है।
ग्रामीणों के मुताबिक, करीब 12 साल पहले हरिओम के पिता कृपाल सिंह की भी इसी जमीनी रंजिश में हत्या कर दी गई थी। बताया जाता है कि जमीन के सौदे को लेकर दोनों पक्षों के बीच लंबे समय से विवाद चला आ रहा था। परिवार का आरोप है कि उसी रंजिश का बदला लेने के लिए अब हरिओम को भी निशाना बनाया गया।
परिजनों का कहना है कि पहले पिता की हत्या हुई और अब बेटे की भी जान ले ली गई। इससे परिवार पूरी तरह टूट गया है और गांव में भी दहशत का माहौल बना हुआ है।
इस पूरे मामले में सबसे चौंकाने वाली बात यह है कि हरिओम का मौत से पहले का एक वीडियो भी सामने आया है। बताया जा रहा है कि वीडियो में घायल हरिओम अपनी आपबीती बताते हुए हमलावरों के नाम भी ले रहा है। इसके कुछ ही देर बाद उसकी मौत हो जाती है। यह वीडियो अब पूरे इलाके में चर्चा का विषय बना हुआ है और पुलिस भी इसकी जांच कर रही है।
जन्मदिन की रात बुलाकर हत्या! अब पत्नी पर साजिश रचने का आरोप, आखिर क्या है पूरा माजरा?
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को अस्पताल भिजवाया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजते हुए जांच शुरू कर दी है। एसपी देहात ह्रदेश कठेरिया ने बताया कि दो पक्षों के बीच विवाद के बाद मारपीट और फायरिंग की घटना हुई, जिसमें तीन लोग घायल हुए थे। इलाज के दौरान हरिओम की मौत हो गई। पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर छह लोगों को हिरासत में लिया है और उनसे पूछताछ की जा रही है। मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है।
घटना के बाद गांव में तनाव को देखते हुए पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। परिजन आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी और सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं। वहीं पुलिस का कहना है कि जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
Location : Budaun
Published : 14 July 2026, 4:36 PM IST
Topics : Budaun News Hariom Murder Case land dispute