
मृतक की फाइल फोटो (Img: Dynamite News)
Budaun: बदायूं के थाना बिल्सी क्षेत्र के गांव सुंदरनगर में सोमवार शाम एक दर्दनाक हादसे में करंट की चपेट में आने से किसान की मौके पर ही मौत हो गई। खेत पर फसल में कीटनाशक का छिड़काव करने गए किसान की मौत की खबर से परिवार में कोहराम मच गया, वहीं पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई।
जानकारी के अनुसार, गांव सुंदरनगर निवासी राजेंद्र पुत्र प्रेमपाल सोमवार शाम अपने खेत पर शिमला मिर्च की फसल में स्प्रे करने गए थे। इसी दौरान स्प्रे टंकी में पानी भरने के लिए वह खेत के पास स्थित ट्यूबवेल पर पहुंचे, जहां अचानक बिजली के तार की चपेट में आने से उन्हें जोरदार करंट लग गया। हादसा इतना गंभीर था कि राजेंद्र ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
एक तरफ मोदी-ट्रम्प की बैठक, दूसरी तरफ सड़कों पर उतरे प्रदर्शनकारी; मनीला में क्यों मचा बवाल?
घटना की सूचना मिलते ही डायल 112 पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का जायजा लेकर जानकारी जुटाई। वहीं, बिल्सी थाना पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला मुख्यालय बदायूं भेज दिया है। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।
इस दर्दनाक हादसे ने एक परिवार की खुशियां छीन लीं। मृतक राजेंद्र अपने पीछे दो छोटे-छोटे मासूम बच्चों को छोड़ गए हैं। पिता की असमय मौत से बच्चों और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। गांव में हर आंख नम है और परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।
Location : Budaun
Published : 17 November 2026, 9:14 AM IST