
चक्रधरपुर थाना
Chaibasa : जिले में नशे के कारोबार पर पश्चिमी सिंहभूम पुलिस ने बड़ी चोट की है। चक्रधरपुर थाना क्षेत्र में सक्रिय ब्राउन शुगर तस्करी सिंडिकेट का पुलिस ने भंडाफोड़ करते हुए पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के पास से 75 पुड़िया यानी करीब 16.75 ग्राम ब्राउन शुगर, एक टीवीएस रेडियन मोटरसाइकिल और चार मोबाइल फोन बरामद किए हैं।
गुरुवार को चाईबासा में प्रेस वार्ता के दौरान अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, चक्रधरपुर डॉ. सैयद मुस्तफा हाशमी ने बताया कि पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर जिले में मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत 8 जुलाई को चक्रधरपुर थाना क्षेत्र में दो जगहों पर छापेमारी की गई।
पहले मामले में चक्रधरपुर थाना कांड के तहत पुराना बस्ती में कार्रवाई की गई। पुलिस ने शेखर सुमन साहु और शुभम वर्मण को गिरफ्तार किया। शेखर के पास से 40 पुड़िया और शुभम के पास से 10 पुड़िया ब्राउन शुगर बरामद हुई। इसी दौरान ब्राउन शुगर खरीदने पहुंचे आशीफ शेख उर्फ बंगला को भी पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया।
दूसरे मामले में चक्रधरपुर थाना कांड के तहत पोर्टरखोली में छापेमारी की गई। यहां से अभिषेक प्रामाणिक उर्फ अण्डा और मुकेश राम रवि उर्फ बम्बा को गिरफ्तार किया गया। पुलिस के अनुसार अभिषेक के पास से 24 पुड़िया और मुकेश राम रवि के पास से एक पुड़िया ब्राउन शुगर बरामद हुई।
पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने संगठित तरीके से ब्राउन शुगर की खरीद-बिक्री करने की बात स्वीकार की है। अब पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि नशे की यह खेप कहां से लाई जा रही थी और इसके पीछे कौन-कौन लोग शामिल हैं।
छापेमारी दल में डॉ. सैयद मुस्तफा हाशमी, अवधेश कुमार, आकाश कुमार, रंजीत उरांव, राजकिशोर तिवारी, बिरबल चौबे, दिलीप कुमार, अजीत कुमार महतो, बागुन गुन्दुवा, सुधीर कुमार प्रधान और ऐरिक डुंगडुंग शामिल रहे। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि मादक पदार्थों की तस्करी या किसी भी आपराधिक गतिविधि की सूचना निकटतम थाना, डायल-112 या पुलिस नियंत्रण कक्ष के मोबाइल नंबर 9931422251 पर दें।
Location : Chaibasa
Published : 10 July 2026, 4:11 AM IST