
लापता छात्रा का शव जंगल में मिला फोटो सोर्स-डाइनामाइट न्यूज
jharkhand: पश्चिमी सिंहभूम जिले के मुफ्फसिल थाना क्षेत्र अंतर्गत पांड्रासाली ओपी इलाके में एक 18 वर्षीय छात्रा का शव जंगल में पेड़ से लटका मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतका की पहचान गिंदीमुंडी गांव निवासी आशा माई तीयू के रूप में हुई है, जो चाईबासा स्थित नगरपालिका बांग्ला मध्य विद्यालय की छात्रा थी।
क्या है पूरी घटना?
जानकारी के अनुसार, आशा माई तीयू का शव उसके गांव से करीब डेढ़ किलोमीटर दूर कुंभराम गांव के समीप स्थित पुण्डुगुटु जंगल में एक पेड़ से लटका हुआ मिला। शुक्रवार सुबह जंगल में पत्ता तोड़ने गई महिलाओं की नजर शव पर पड़ी, जिसके बाद उन्होंने ग्रामीणों को इसकी सूचना दी। सूचना मिलते ही इलाके में लोगों की भीड़ जुट गई। ग्रामीणों के माध्यम से कुंभराम गांव के मुखिया ने मृतका के परिजनों को घटना की जानकारी दी। मौके पर पहुंचे पिता लोपोर सिंह तीयू और चाचा दामू तीयू ने शव की पहचान आशा माई तीयू के रूप में की।
UP Crime: इनामिया ठग की चालाकी का हुआ पर्दाफाश! पुलिस ने किया गिरफ्तार
दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग
परिजनों के अनुसार, आशा माई तीयू बुधवार से लापता थी। परिवार के लोग लगातार उसकी तलाश कर रहे थे, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं मिल पाया था। शव मिलने के बाद पिता लोपोर सिंह तीयू ने आशंका जताई कि उनकी बेटी की हत्या कर शव को पेड़ से लटका दिया गया है। उन्होंने मामले की निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
सेंटर की आड़ में चल रहा था देह व्यापार का खेल, पुलिस छापे में बड़ा खुलासा!
घटना की सूचना मिलते ही पांड्रासाली ओपी प्रभारी मेघनाथ मंडल पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल चाईबासा भेज दिया। साथ ही घटनास्थल से साक्ष्य जुटाकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
मौत के कारणों का स्पष्ट खुलासा
फिलहाल पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर मौत के कारणों का पता लगाने में जुटी हुई है। छात्रा की मौत को लेकर क्षेत्र में तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं, जबकि परिजन इसे हत्या का मामला बता रहे हैं। पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही मौत के कारणों का स्पष्ट खुलासा हो सकेगा।
Location : jharkhand
Published : 12 June 2026, 9:33 PM IST
Topics : Chaibasa News crime news Jharkhand police