होटल के कमरे में मिला महिला पुलिसकर्मी का शव, साथी हेड कांस्टेबल से भी पूछताछ शुरू, 30 बार ठहरने का रिकॉर्ड आया सामने

दिल्ली पुलिस की हेड कांस्टेबल अदिति का राजेंद्र नगर के एक होटल में शव मिलने के बाद जांच तेज हो गई है। पुलिस आत्महत्या की आशंका जता रही है, लेकिन साथी पुलिसकर्मी से पूछताछ, सीसीटीवी फुटेज और मोबाइल डेटा की जांच के जरिए पूरे मामले की पड़ताल की जा रही है।

Post Published By: Mayank Tawer
Updated : 18 August 2026, 2:22 PM IST

New Delhi: दिल्ली में एक महिला पुलिसकर्मी की मौत से हड़कंप मच गया है। राजेंद्र नगर स्थित एक निजी होटल में रविवार रात दिल्ली पुलिस की हेड कांस्टेबल अदिति का शव मिलने के बाद पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। शुरुआती जांच में फॉरेंसिक टीम ने इसे आत्महत्या का मामला बताया है, लेकिन पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच कर रही है। मौके से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है। वहीं, महिला के साथ होटल पहुंचे उसके साथी हेड कांस्टेबल से भी पूछताछ की जा रही है।

कौन थी मृतका अदिति?

पुलिस के मुताबिक, मृतका की पहचान 30 वर्षीय अदिति के रूप में हुई है। वह मूल रूप से नूरपुर मसूरी की रहने वाली थीं और दिल्ली पुलिस में हेड कांस्टेबल के पद पर तैनात थीं। अदिति की पोस्टिंग उस्मानपुर थाने में थी। उनका साथी भी दिल्ली पुलिस में हेड कांस्टेबल है और उसी थाने में तैनात है। पुलिस के अनुसार, दोनों 15 अगस्त की शाम राजेंद्र नगर स्थित होटल पहुंचे थे। होटल रिकॉर्ड से पता चला है कि दोनों इस साल कई बार यहां ठहर चुके थे।

होटल के कमरे में मिला शव

जानकारी के मुताबिक, अदिति 15 अगस्त की शाम होटल पहुंची थी, जबकि उसका साथी रात करीब 10 बजे होटल आया। रिकॉर्ड के अनुसार, वह रात करीब 10 बजकर 42 मिनट पर होटल से चला गया था। अगले दिन रविवार दोपहर करीब 12 बजे होटल कर्मचारी गौरव कमरे में पहुंचा, लेकिन अंदर से कोई जवाब नहीं मिला। इसके बाद दूसरी चाबी से कमरे का दरवाजा खोला गया तो अदिति का शव दुपट्टे के सहारे पंखे से लटका मिला। घटना की सूचना तुरंत होटल प्रबंधन को दी गई, जिसके बाद पुलिस को बुलाया गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत का कारण हैंगिंग बताया गया है।

आत्महत्या या कोई और वजह? हर एंगल से जांच

फॉरेंसिक टीम की शुरुआती जांच में मामला प्रथम दृष्टया आत्महत्या का लग रहा है। हालांकि पुलिस का कहना है कि मौत की असली वजह का पता पूरी जांच के बाद ही चल पाएगा। पुलिस अब साथी हेड कांस्टेबल से पूछताछ कर रही है। उसके मोबाइल फोन की जांच और डेटा खंगाला जा रहा है। पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि घटना से पहले दोनों के बीच क्या बातचीत हुई थी और किन परिस्थितियों में महिला ने यह कदम उठाया।

सीसीटीवी फुटेज और होटल रिकॉर्ड की जांच

जांच के दौरान पुलिस ने होटल के रिकॉर्ड अपने कब्जे में लिए हैं। होटल में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है। पुलिस होटल कर्मचारियों और प्रबंधन से भी पूछताछ कर रही है ताकि घटना से जुड़े सभी तथ्यों को जोड़ा जा सके .पुलिस के अनुसार, दोनों पुलिसकर्मी पहले भी इस होटल में कई बार ठहर चुके थे। होटल रिकॉर्ड में इस साल दोनों के करीब 30 से ज्यादा बार चेक-इन करने की जानकारी सामने आई है।

विवाद की बात भी आई सामने

पुलिस जांच में यह बात सामने आई है कि घटना से पहले दोनों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। पुलिस इस विवाद को भी जांच का हिस्सा मानकर आगे बढ़ रही है। हालांकि, अभी तक किसी निष्कर्ष पर नहीं पहुंचा गया है। एसीपी साहिबाबाद अमित सक्सेना ने बताया कि परिजनों की ओर से अभी कोई शिकायत नहीं दी गई है। मौके से कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है। साथी हेड कांस्टेबल से हर पहलू पर पूछताछ की जा रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत का कारण हैंगिंग आया है।

Location :  New Delhi

Published :  18 August 2026, 2:22 PM IST