
नोएडा में शादी की खुशियां मातम में बदलीं (IMG: Dynamite News)
Noida: घर में बेटी की शादी की तैयारियां चल रही थीं। कहीं शादी के कार्ड लिखे जा रहे थे तो कहीं रिश्तेदारों को निमंत्रण देने की तैयारी हो रही थी। परिवार के लोग 2 दिसंबर को आने वाली खुशियों का इंतजार कर रहे थे। लेकिन सोमवार की शाम अचानक ऐसा धमाका हुआ कि हंसता-खेलता परिवार उजड़ गया। बेटी की शादी से महज नौ दिन पहले घर में गैस सिलिंडर से हुए ब्लास्ट ने पिता और बेटे की जान ले ली। बहू और दो साल का मासूम पोता भी आग की चपेट में आकर गंभीर रूप से झुलस गए।
यह दर्दनाक घटना नोएडा के जेवर क्षेत्र के दयानतपुर गांव की है। यहां रहने वाले वीरपाल (56) के परिवार में बेटी धीरज कुमारी की शादी को लेकर तैयारियां चल रही थीं। 2 दिसंबर को हरियाणा के रोहतक में उसकी शादी होनी थी। घर में रिश्तेदारों को बुलाने और शादी की दूसरी तैयारियों का काम तेजी से चल रहा था। सोमवार शाम करीब 6:30 बजे परिवार के सदस्य शादी की तैयारियों में व्यस्त थे। इसी दौरान घर में रखे एलपीजी सिलिंडर से गैस का रिसाव होने लगा।
आग लगने के कुछ ही देर बाद दो एलपीजी सिलिंडर तेज धमाके के साथ फट गए। धमाकों की आवाज इतनी तेज थी कि आसपास के लोग भी सहम गए। घर के अंदर मौजूद वीरपाल, उनका बेटा अभिषेक (24), बहू काजल (23) और दो साल का पोता आदित्य आग की चपेट में आ गए। आग और धमाकों के बाद घर में अफरा-तफरी मच गई। परिवार के लोगों की चीख-पुकार सुनकर आसपास के ग्रामीण मदद के लिए दौड़े।
इस हादसे का सबसे भावुक पहलू वीरपाल की बेटी धीरज कुमारी से जुड़ा है। परिवार में उसकी शादी की तैयारियां जोरों पर थीं। 2 दिसंबर को रोहतक में उसकी शादी होनी थी। पिता और भाई दोनों शादी को लेकर उत्साहित थे और बेटी की नई जिंदगी के लिए सपने संजो रहे थे। लेकिन सोमवार शाम जब घर में यह हादसा हुआ, उस वक्त धीरज मंदिर गई हुई थी। उसे क्या पता था कि मंदिर से लौटने तक उसकी जिंदगी पूरी तरह बदल जाएगी। जिस घर में कुछ दिनों बाद शहनाइयां बजनी थीं, वहां पिता और भाई की मौत के बाद मातम छा गया।
धमाके की आवाज सुनकर गांव के लोग अपने घरों से बाहर निकल आए। पड़ोस में रहने वाले राकेश और खेम सिंह ने जब घर से आग की लपटें उठती देखीं तो बिना देर किए मदद के लिए पहुंच गए। बताया जा रहा है कि वीरपाल के घर का मुख्य दरवाजा अंदर से बंद था। ऐसे में दोनों ग्रामीणों ने दरवाजा तोड़ा और घर तक पहुंचने का रास्ता बनाया। इसके बाद उन्होंने सबमर्सिबल चालू कर मोटा पाइप लगाया और आग बुझाने की कोशिश शुरू कर दी।
धनतेरस की खरीदारी के बीच ग्रेटर नोएडा के गौड़ सिटी मॉल में लगी भयंकर आग, अफरा तफरी का माहौल
इस घटना में सबसे चिंताजनक जानकारी यह सामने आई कि घर में कुल 23 सिलिंडर रखे हुए थे। आग की चपेट में आकर दो सिलिंडर धमाके के साथ फट गए। ऐसे में अगर आग बाकी सिलिंडरों तक पहुंच जाती तो विस्फोटों की वजह से आसपास के घरों और ग्रामीणों की जान को भी बड़ा खतरा हो सकता था।
मुख्य अग्निशमन अधिकारी प्रदीप चौबे के मुताबिक, सोमवार शाम करीब 6:30 बजे घटना की सूचना मिली थी। सूचना मिलने के करीब 20 मिनट बाद दमकल विभाग की दो गाड़ियां मौके पर पहुंच गई थीं। हालांकि, तब तक गांव के लोग आग पर काबू पा चुके थे। इस वजह से दमकल की गाड़ियों को आग बुझाने के लिए इस्तेमाल करने की जरूरत नहीं पड़ी।
Location : Noida
Published : 24 November 2026, 1:12 PM IST