
पीएम हाउस के बाहर मृतक के रिस्तेदार (IMG: Dynamite News)
Hathras: हाथरस में देर रात सड़क पर निकले दो युवकों को शायद अंदाजा भी नहीं था कि घर लौटते वक्त उनकी बाइक एक दर्दनाक हादसे का शिकार हो जाएगी। सिकंदराराऊ थाना क्षेत्र में कासगंज रोड पर गांव भटीकरा के पास पेट्रोल पंप के नजदीक अज्ञात वाहन ने बाइक सवार दो युवकों को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों युवक बाइक से उछलकर सड़क पर जा गिरे। हादसे में 24 वर्षीय पुष्पेंद्र की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसका साथी यतेंद्र गंभीर रूप से घायल हो गया।
जानकारी के मुताबिक पुष्पेंद्र पुत्र साहब सिंह निवासी गंगीरी, अलीगढ़ अपने साथी यतेंद्र के साथ मथुरा गया था। दोनों वहां रिश्तेदारी में मिलने के बाद बाइक से अपने घर की ओर लौट रहे थे। देर रात जब दोनों सिकंदराराऊ-कासगंज रोड पर गांव भटीकरा के पास पेट्रोल पंप के नजदीक पहुंचे, तभी पीछे या सामने से आए अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी।
‘भगवान! किस गुनाह की इतनी खौफनाक सजा दी…’ हाथरस हादसे में युवक की मौत के बाद बिखरा परिवार
हादसे की सूचना मिलते ही अगसौली चौकी पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण करने के बाद दोनों युवकों को संभाला। पुलिस ने गंभीर रूप से घायल यतेंद्र को तत्काल सिकंदराराऊ अस्पताल पहुंचाया। वहां डॉक्टरों ने उसकी हालत गंभीर देखते हुए उसे बेहतर इलाज के लिए अलीगढ़ मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया।
हादसे में पुष्पेंद्र को गंभीर चोटें आई थीं। पुलिस के पहुंचने तक उसकी मौत हो चुकी थी। युवक की मौत की खबर उसके परिवार तक पहुंची तो घर में कोहराम मच गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंपा जाएगा।
हादसे के बाद सबसे बड़ा सवाल यही है कि आखिर दोनों युवकों की बाइक को टक्कर मारने वाला वाहन कौन सा था। पुलिस ने अज्ञात वाहन और उसके चालक की तलाश शुरू कर दी है। पुलिस आसपास के इलाकों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल सकती है, ताकि दुर्घटना के बाद मौके से फरार हुए वाहन का पता लगाया जा सके। इसके अलावा प्रत्यक्षदर्शियों से भी जानकारी जुटाई जा रही है।
Location : Hathras
Published : 22 August 2026, 4:42 PM IST