
एयर होस्टेस वर्षा तुरकर (image: X)
Maharashtra: महाराष्ट्र के गोंदिया जिले में पुणे एयरपोर्ट की कर्मचारी वर्षा तुरकर की हत्या के मामले में पुलिस ने साजिश का खुलासा किया है। शुरुआत में इस वारदात को लूटपाट के दौरान हुई हत्या माना जा रहा था, लेकिन 4 दिन की जांच में पुलिस के सामने प्रेम संबंधों के शक, 13 लाख रुपये की सुपारी और GPS के जरिए लोकेशन ट्रैक करने की कहानी आई। वर्षा की हत्या की साजिश नितेश अग्रवाल की पत्नी मोना ने रची थी। हमलावरों ने कार में लगे GPS सिस्टम की मदद से जंगल में उसकी सटीक लोकेशन हासिल की और वारदात को अंजाम दिया।
मध्य प्रदेश के बालाघाट जिले के किन्ही गांव (खैरी नवगांव) क्षेत्र की रहने वाली 35 वर्षीय वर्षा धुरनलाल तुरकर पुणे के धानोरी में रहती थी। वह पुणे एयरपोर्ट पर एयर इंडिया में कर्मचारी थी। दिवाली की छुट्टियों में वह अपने मायके आई हुई थी।
पुलिस ने बताया कि 14 नवंबर 2026 को दोपहर करीब 3:30 बजे गोंदिया निवासी उनके मित्र नितेश उर्फ नितिन अग्रवाल चार पहिया वाहन लेकर किन्ही गांव पहुंचा। इसके बाद दोनों तिरोड़ा घूमने के लिए निकले। वापसी के दौरान वे गोंदिया जिले के दवनीवाड़ा थाना क्षेत्र में बोंडराणी के शिव मंदिर के पास घने जंगल में रुक गए।
वर्षा तुरकर का फाइल फोटो (Image: X)
शाम करीब 5:30 से 6:00 बजे के बीच मोटरसाइकिल से पहुंचे तीन हमलावरों ने दोनों पर हमला कर दिया। आरोपियों ने वर्षा के पेट और पीठ पर चाकू से कई वार किए। गंभीर रूप से घायल वर्षा को मध्य प्रदेश के खैरलांजी स्थित शासकीय ग्रामीण अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
वारदात के बाद नितेश ने पुलिस को बताया कि अज्ञात लुटेरों ने लूटपाट के इरादे से हमला किया था। लेकिन घटनास्थल पर जांच के दौरान पुलिस को कुछ ऐसे तथ्य मिले, जिनसे लूटपाट की कहानी पर संदेह हुआ। वर्षा के शरीर और गले में मौजूद सोने की चेन समेत दूसरे गहने सुरक्षित थे।
शिकायतकर्ता अश्वीनी पटले की रिपोर्ट पर अज्ञात आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 103(1) के तहत हत्या का मामला दर्ज किया गया। पुलिस ने नितेश को भी संदेह के घेरे में लेकर पूछताछ शुरू की। मामले की गंभीरता को देखते हुए गोंदिया के पुलिस अधीक्षक गोरख भामरे और अपर पुलिस अधीक्षक अभय डोंगरे ने जांच के निर्देश दिए।
स्थानीय अपराध शाखा के निरीक्षक रेवचंद सिंगनजुडे के नेतृत्व में छह विशेष टीमें बनाई गईं। पुलिस ने घटनास्थल से लेकर तिरोड़ा, खैरलांजी, वाराशिवनी, बालाघाट और गोंदिया के रास्तों पर लगे करीब 200 CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली। इसी दौरान फुटेज में तीन संदिग्ध युवक मोटरसाइकिल से नितेश की कार का पीछा करते दिखाई दिए।
तकनीकी विश्लेषण और मुखबिरों से मिली जानकारी के आधार पर पुलिस ने 19 नवंबर को गोंदिया के मुर्री इलाके से इमरान करीम शेख (26) को हिरासत में लिया। पुलिस के अनुसार, पूछताछ में उसने कथित तौर पर साजिश से जुड़े कई खुलासे किए।
जांच में सामने आया कि नितेश और वर्षा के बीच प्रेम संबंध होने के शक में उसकी पत्नी मोना अग्रवाल (41) परेशान थी। पुलिस का आरोप है कि इसी शक के चलते मोना ने वर्षा की हत्या की योजना बनाई। इसके लिए उसने अपने पड़ोसी और परिचित कुणाल श्यामलाल कुंभलकर (31) की मदद ली। कुणाल ने गोंदिया के शाहरुख खान फिरोज खान पठाण (33) से संपर्क किया। इसके बाद हत्या के लिए 13 लाख रुपये की सुपारी तय की गई।
पुलिस के मुताबिक, शाहरुख ने वारदात को अंजाम देने के लिए मुर्री निवासी इमरान शेख, नलेन उर्फ नायला शेख (24) और क्रिश राऊत (19) को तैयार किया।
पुलिस की जांच में हत्या की साजिश का एक अहम तकनीकी पहलू भी सामने आया। नितेश जिस कार से वर्षा को घुमाने ले गया था, वह उसकी पत्नी मोना के नाम पर रजिस्टर्ड थी। इस गाड़ी में टोयोटा आई-कनेक्ट (Toyota i-Connect) GPS सिस्टम लगा हुआ था।
मोना ने इस मोबाइल ऐप की आईडी और पासवर्ड हमलावरों के मोबाइल फोन में एक्टिवेट कर दिया था। इसके जरिए आरोपी घर बैठे कार की लाइव लोकेशन देख सकते थे। जैसे ही कार बोंडराणी जंगल के सुनसान इलाके में रुकी, हमलावरों को उसकी सटीक लोकेशन मिल गई। इसके बाद तीनों मोटरसाइकिल से मौके पर पहुंचे और वर्षा पर चाकू से हमला कर दिया।
स्थानीय अपराध शाखा और साइबर सेल की संयुक्त कार्रवाई में पुलिस ने मोना अग्रवाल, कुणाल कुंभलकर, शाहरुख पठाण और इमरान शेख को गिरफ्तार किया है। चारों को आगे की जांच के लिए दवनीवाड़ा पुलिस के सुपुर्द किया गया है। वहीं, वारदात में शामिल बताए जा रहे दो अन्य आरोपी नलेन शेख और क्रिश राऊत अभी फरार हैं। पुलिस उनकी तलाश कर रही है। पुलिस के मुताबिक, करीब 200 CCTV कैमरों की फुटेज, तकनीकी विश्लेषण और GPS लोकेशन की मदद से कथित लूटपाट के पीछे छिपी हत्या की साजिश का खुलासा हुआ। मामले में तकनीकी साक्ष्यों और अन्य पहलुओं की जांच जारी है।
Location : Maharashtra
Published : 19 November 2026, 7:14 PM IST