
प्रतीकात्मक छवि (Source: Pinterest)
Basti: बस्ती में 26 वर्षीय संविदाकर्मी यशवंत कुमार की मौत के मामले में पोस्टमार्टम रिपोर्ट सामने आने के बाद जांच का रुख हत्या की ओर मुड़ गया है। वाल्टरगंज थाना क्षेत्र में शराब के ठेके से कुछ दूरी पर उनका शव मिला था। शरीर पर कई चोटों और गर्दन पर नाखून के निशान मिलने से पुलिस अब इलेक्ट्रॉनिक और फोरेंसिक साक्ष्यों के आधार पर मामले की जांच कर रही है।
खड़ौवा निवासी यशवंत कुमार गोरखपुर के पुलिस निगम में संविदाकर्मी के तौर पर तैनात थे। मंगलवार शाम करीब आठ बजे वह छुट्टी लेकर घर लौट रहे थे। उनकी मां के अनुसार, यशवंत नगर बाजार तक पहुंच गए थे, लेकिन इसके बाद घर नहीं पहुंचे। बुधवार सुबह उनका शव वाल्टरगंज थाना क्षेत्र में धमौरा के पास शराब के ठेके से कुछ दूरी पर मिला।
शुरुआत में मौत को लेकर स्थिति स्पष्ट नहीं थी, जिसके बाद पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया। रिपोर्ट में सीने की तीन हड्डियों में फ्रैक्चर मिला है। बताया गया कि दाहिनी तरफ सीने की ऊपरी हड्डी और बाईं तरफ दूसरी व तीसरी हड्डी टूटी थी। पीठ पर चोट के निशान, गर्दन पर नाखून के निशान और माथे पर जख्म भी मिले हैं। पैर के अंगूठे और अंगुलियों में भी चोट बताई गई है।
शरीर पर जगह-जगह चोटों को देखते हुए आशंका जताई जा रही है कि यशवंत के साथ संघर्ष हुआ होगा। पुलिस सूत्रों के अनुसार, उन्हें सीने पर दबाव डालकर गला दबाने की आशंका भी है। शव मिलने की जगह से करीब 30 किलोमीटर दूर दुबौलिया क्षेत्र में निर्माणाधीन बैरागल टोल के पास उनकी बाइक मिली थी। इससे भी पुलिस कई बिंदुओं पर जांच कर रही है।
भैंस चराने खेत गया था 18 साल का युवक, अचानक आसमान से गिरी बिजली और थम गई सांसें; गांव में पसरा मातम
यशवंत का मोबाइल फोन अभी तक पुलिस को नहीं मिला है। मोबाइल की बरामदगी नहीं होने से जांच में चुनौती बनी हुई है। हालांकि पुलिस उनके मोबाइल नंबर की सीडीआर और अन्य इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों के जरिए सुराग जुटा रही है।
अपर पुलिस अधीक्षक श्यामकांत के अनुसार, परिवार की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर जांच की जा रही है। फोरेंसिक टीम ने भी घटनास्थल का निरीक्षण किया है। पुलिस का कहना है कि इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों और अन्य सबूतों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
Location : Basti
Published : 11 September 2026, 3:15 PM IST