
सड़क हादसे में सब्जी विक्रेता की मौत (Img: Dynamite News)
Basti: लालगंज थाना क्षेत्र के रामजानकी मार्ग पर शनिवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में 20 वर्षीय सब्जी विक्रेता सुनील सोनकर की मौत हो गई। कल्याणपुर गन्ना क्रय केंद्र के पास मोटरसाइकिल और ट्रैक्टर-ट्राली की टक्कर इतनी भीषण थी कि सुनील गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़े। हादसे के बाद मौके पर जुटे लोगों ने उन्हें अस्पताल पहुंचाया, लेकिन डॉक्टर उन्हें बचा नहीं सके।
कलवारी मुस्तहकम निवासी सुनील सोनकर पुत्र देवराज बाजार में घूम-घूमकर सब्जी बेचते थे। शनिवार सुबह वह मोटरसाइकिल से रामपुर बारहकोनी क्षेत्र में सब्जी खरीदने गए थे। खरीदारी के बाद वह घर लौट रहे थे। इसी दौरान कल्याणपुर गन्ना क्रय केंद्र के पास उनकी बाइक एक ट्रैक्टर से जा टकराई।
प्रत्यक्ष रूप से सामने आई जानकारी के मुताबिक टक्कर के बाद सुनील के सिर में गंभीर चोट लगी और वह मौके पर ही अचेत हो गए। दुर्घटना के समय उन्होंने हेलमेट नहीं पहना था।
ये भी पढ़ें- अंतिम संस्कार से लौटे तो खुद के घर में पसर गया मातम, बदायूं हादसे में एक की दर्दनाक मौत, दो अन्य घायल
हादसे की तेज आवाज सुनकर आसपास के लोग घटनास्थल पर पहुंचे। स्थानीय नागरिकों ने बिना देर किए निजी वाहन से सुनील को बनहरा स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कुदरहा पहुंचाया। वहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।
घटना की खबर घर पहुंचते ही परिवार में कोहराम मच गया। चार भाई-बहनों में तीसरे नंबर के सुनील अपने बड़े भाई अनिल सोनकर के साथ मिलकर परिवार की जिम्मेदारियों में हाथ बंटाते थे। उनकी अचानक मौत ने परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया।
ये भी पढ़ें- पेंशन बंद होने का डर दिखाकर लूटी थी गाढ़ी कमाई, जानिए कैसे गोरखपुर पुलिस ने साइबर ठगों के मंसूबे किए पस्त
हादसे के बाद ट्रैक्टर चालक वाहन समेत मौके से फरार हो गया। लालगंज थाना अध्यक्ष दिनेशचंद चौधरी ने बताया कि पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। फरार अज्ञात ट्रैक्टर चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने की प्रक्रिया चल रही है। पुलिस मामले की आगे की कानूनी कार्रवाई में जुटी है।
Location : Basti
Published : 5 September 2026, 7:57 PM IST