Basti: सुबह-सुबह रेलवे ट्रैक पर दिखा ऐसा मंजर कि दहल गए लोग! आखिर कौन था वो शख्स?

बस्ती में रेलवे ट्रैक पर रविवार सुबह मिला एक क्षत-विक्षत शव कई सवाल छोड़ गया। मृतक के पास मिले मोबाइल, टिकट और पहचान पत्र ने जांच को नया मोड़ दे दिया है। शुरुआती जांच में व्यक्ति के केरल निवासी होने की आशंका जताई जा रही है।

Post Published By: Suresh Prajapati
Updated : 17 May 2026, 2:21 PM IST

Basti: उत्तर प्रदेश के बस्ती जिले में शनिवार सुबह रेलवे ट्रैक पर एक व्यक्ति का क्षत-विक्षत शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। घटना रेलवे सुरक्षा बल (RPF) पोस्ट बस्ती क्षेत्र की है, जहां सुबह ट्रैक के किनारे शव पड़े होने की सूचना मिलते ही रेलवे प्रशासन और पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। मौके पर पहुंची आरपीएफ और जीआरपी की टीम ने शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।

कंट्रोल रूम से मिली सूचना

जानकारी के मुताबिक रेलवे सुरक्षा नियंत्रण कक्ष लखनऊ से सुबह करीब 6:45 बजे सूचना दी गई कि किलोमीटर संख्या 567/15 के पास एक व्यक्ति ट्रेन से कट गया है। सूचना मिलते ही आरपीएफ के उप निरीक्षक मनन और कांस्टेबल उपेंद्रनाथ मिश्रा घटनास्थल के लिए रवाना हुए। दोनों अधिकारी सुबह लगभग 7:10 बजे मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया।

मौके पर पहले से मौजूद की-मैन शंभू पाल ने बताया कि घटना की जानकारी तुरंत रेलवे के जेई बस्ती और मेंटेनर सुनील को दे दी गई थी। इसके बाद ट्रैकमैन त्रिभुवन केवट को मौके पर भेजा गया।

महराजगंज: “सर्राफा लूटकांड का राज कब खुलेगा? नए थानेदार की अग्निपरीक्षा”

सिर धड़ से अलग मिला

जांच के दौरान पुलिस और रेलवे कर्मचारियों ने देखा कि मृतक का सिर धड़ से अलग होकर अप लाइन पर पड़ा था, जबकि शरीर रेलवे लाइन से करीब 10 फीट नीचे गिरा हुआ था। यह दृश्य बेहद भयावह था और मौके पर मौजूद लोग भी सहम गए। करीब 9:40 बजे जीआरपी बस्ती के उप निरीक्षक लल्लन तिवारी अपनी टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और आगे की जांच शुरू की। पुलिस ने आसपास के लोगों से पूछताछ की लेकिन मृतक की तत्काल पहचान नहीं हो सकी।

तलाशी में मिला मोबाइल और टिकट

मृतक की तलाशी लेने पर पुलिस को एक पुराना ओप्पो मोबाइल फोन, गोरखपुर से गोंडा तक का यात्रा टिकट और भारत निर्वाचन आयोग का पहचान पत्र बरामद हुआ। पहचान पत्र के आधार पर मृतक की पहचान जाबिर अहमद ताहिर पुत्र एच.ई. अहमद ताहिर के रूप में होने की आशंका जताई जा रही है। पहचान पत्र में दर्ज पते के अनुसार मृतक केरला के एर्नाकुलम जिले के कोच्चि क्षेत्र का निवासी बताया गया है। पुलिस के अनुसार मृतक की उम्र लगभग 44 वर्ष के आसपास है।

गोलियों की आवाज से गूंजा हापुड़: चर्चित अतुल हत्याकांड में शामिल 3 बदमाशों को पुलिस ने मारी गोली, एक हेड कांस्टेबल भी घायल

हादसा या कुछ और? जांच में जुटी पुलिस

फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि व्यक्ति की मौत हादसे में हुई या इसके पीछे कोई और कारण है। पुलिस मोबाइल फोन और अन्य दस्तावेजों के जरिए मृतक के परिजनों तक पहुंचने की कोशिश कर रही है। जीआरपी ने आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की हर पहलु से जांच की जा रही है और जल्द ही सच्चाई सामने लाई जाएगी।

Location :  Basti

Published :  17 May 2026, 2:21 PM IST