
बरेली के बहेड़ी में मचा हड़कंप (IMG: Dynamite News)
Bareilly: उत्तर प्रदेश के बरेली में पति-पत्नी के बीच चल रहा विवाद एक परिवार के लिए दर्दनाक हादसे में बदल गया। बहेड़ी नगर के मोहल्ला शेरनगर में बेटी और दामाद के बीच हो रहे झगड़े को शांत कराने पहुंचे 50 वर्षीय ससुर की गिरने से मौत हो गई। बताया जा रहा है कि विवाद के दौरान उन्हें धक्का लगा, जिससे वह जमीन पर गिर पड़े और उनके सिर में गंभीर चोट लग गई। परिजन उन्हें इलाज के लिए अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
जानकारी के मुताबिक, बरेली जिले के बहेड़ी नगर के मोहल्ला लाइनपार निवासी राहिद रात करीब नौ बजे अपनी ससुराल शेरनगर पहुंचा था। बताया जा रहा है कि उसकी पत्नी अलीशा काफी समय से अपने मायके में रह रही थी। इसी दौरान किसी बात को लेकर पति-पत्नी के बीच विवाद शुरू हो गया।
बताया जा रहा है कि पति-पत्नी के बीच झगड़ा शांत कराने की कोशिश के दौरान तौफीक को धक्का लगा। इससे वह अपना संतुलन खो बैठे और जमीन पर गिर गए। गिरने के दौरान उनके सिर में गंभीर चोट लग गई। अचानक हुई इस घटना के बाद घर में अफरा-तफरी मच गई और परिजन उन्हें संभालने में जुट गए।
घटना के बाद परिवार की दो महिलाओं के अलग-अलग बयान सामने आने की बात कही जा रही है। वहीं, दोनों पक्षों के बीच समझौते की चर्चा भी सामने आई है। हालांकि, विवाद के दौरान वास्तव में क्या हुआ और तौफीक को किस परिस्थिति में धक्का लगा, इसे लेकर स्थिति स्पष्ट होना बाकी है।
बरेली में प्रेम प्रसंग का मामला पड़ा भारी! हेड कांस्टेबल और महिला सिपाही सस्पेंड, SSP ने बैठाई जांच
तौफीक की मौत के बाद परिजनों ने इसे अचानक हुआ हादसा बताया। रिपोर्ट के मुताबिक, परिवार के लोग पोस्टमार्टम नहीं कराने की जिद पर अड़ गए थे। हालांकि, पुलिस ने उन्हें समझाया और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
Location : Bareilly
Published : 19 October 2026, 12:19 PM IST