
बरेली गर्ल्स कॉलेज की घटना (Img: Dynamite News)
Bareilly: उत्तर प्रदेश के बरेली में एक अजीब और हैरान करने वाला मामला सामने आया है, जहां बेटी के जन्मदिन की पार्टी के नाम पर सुबह-सुबह शराब पीने के बाद दो सगे भाइयों ने एक गर्ल्स कॉलेज के बाहर जमकर हुड़दंग मचाया। मामला बरेली के बारादरी थाना क्षेत्र के मॉडल टाउन स्थित गुरु गोबिंद गर्ल्स इंटर कॉलेज के बाहर का है।
दो सगे भाई शराब के नशे में कॉलेज के बाहर पहुंच गए। पुलिस के मुताबिक, दोनों ने कॉलेज के गेट पर पहुंचकर उसे खुलवाने की कोशिश की। इस दौरान वे गाली-गलौज करने लगे और वहां हंगामा शुरू कर दिया। कॉलेज के आसपास मौजूद लोगों ने जब दोनों को इस तरह हंगामा करते देखा तो पुलिस को सूचना दी।
ये भी पढ़ें: Bareilly: नदी संरक्षण की बड़ी पहल, सेना के जवानों ने किया श्रमदान, लगाए 11 हजार पौधे रिपोर्ट
पुलिस के अनुसार, दोनों युवक नशे में थे। कॉलेज के बाहर कुछ छात्राओं को देखकर उन्होंने गेट खोलने के लिए कहा। जब उनकी बात नहीं मानी गई तो दोनों गाली-गलौज करने लगे।मामला बढ़ता देख आसपास के लोगों ने पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही बारादरी पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों युवकों को हिरासत में लेकर थाने ले गई।
पुलिस ने दोनों से थाने में पूछताछ की तो शराब पीने की वजह भी सामने आई। पकड़े गए युवकों की पहचान प्रेमनगर थाना क्षेत्र के डीडीपुरम निवासी पुष्कर और पुष्पेंद्र के रूप में हुई है। दोनों सगे भाई हैं। पूछताछ में एक भाई ने बताया कि उसकी बेटी का बृहस्पतिवार को जन्मदिन था।
छोटे भाई ने उससे जन्मदिन की पार्टी मांगी थी। इसके बाद दोनों ने सुबह से ही शराब पीना शुरू कर दिया। नशा बढ़ने के बाद दोनों मॉडल टाउन स्थित गर्ल्स कॉलेज के बाहर पहुंच गए। पुलिस के मुताबिक, दोनों को इस बात का भी ध्यान नहीं रहा कि वे लड़कियों के कॉलेज के बाहर खड़े हैं।
थाने लाने के बाद पुलिस ने दोनों का मेडिकल परीक्षण कराया। उन्हें जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां जांच में दोनों के शराब के नशे में होने की पुष्टि हुई। पुलिस के सामने दोनों भाइयों ने अपनी गलती स्वीकार की और माफी भी मांगी। हालांकि, सार्वजनिक स्थान पर हंगामा करने और नशे की हालत में पाए जाने के चलते पुलिस ने उनके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की।
ये भी पढ़ें: Bareilly: किसानों के 70 करोड़ अदा करने के लिये 180 करोड़ की नवाबगंज मिल बेचेगी सरकार, खरीदार की तलाश तेज
बारादरी पुलिस के मुताबिक, दोनों युवकों के खिलाफ चालान की कार्रवाई की गई है। इंस्पेक्टर बारादरी विजेंद्र सिंह ने बताया कि मेडिकल परीक्षण में दोनों के शराब पीने की पुष्टि हुई है। इसके बाद नियमानुसार कार्रवाई की गई। घटना के बाद कुछ समय के लिए कॉलेज के आसपास हलचल रही। पुलिस की कार्रवाई के बाद मामला शांत हुआ।
Location : Bareilly
Published : 1 October 2026, 9:22 PM IST