बरेली: पांच महीने की ब्याही प्रियंका की संदिग्ध मौत, दहेज के लिए गला घोंटकर हत्या का आरोप; पति समेत छह पर मुकदमा

उत्तर प्रदेश के बरेली जिले के क्योलड़िया थाना क्षेत्र के ज्योति जागीर गांव में शादी के महज पांच महीने बाद ही एक नवविवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मृतका के पिता ने ससुराल पक्ष पर कम दहेज लाने प्रताड़ित करने और साड़ी के फंदे से लटकाकर हत्या करने का संगीन आरोप लगाया है।

Post Published By: Suresh Prajapati
Updated : 16 September 2026, 10:17 AM IST

Bareilly: उत्तर प्रदेश के बरेली जिले के क्योलड़िया थाना क्षेत्र के ज्योति जागीर गांव में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां शादी के महज पांच महीने बाद ही एक 22 वर्षीय नवविवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। घटना के बाद से इलाके में सनसनी फैल गई है और मायके पक्ष ने ससुराल वालों पर दहेज के लिए गला घोंटकर हत्या करने का संगीन आरोप लगाया है। पुलिस ने मृतका के पिता की शिकायत पर पति समेत छह लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

अप्रैल में हुई थी शादी, पांच दिन पहले ही लौटी थी ससुराल

प्राप्त जानकारी के अनुसार, क्योलड़िया थाना क्षेत्र के ज्योति जागीर गांव निवासी सोनू कुमार की शादी इसी साल 27 अप्रैल 2026 को बरखेड़ा थाना क्षेत्र के कोकीली गांव निवासी तुलाराम की पुत्री प्रियंका (22 वर्ष) के साथ हुई थी। दोनों परिवारों की रजामंदी से हुए इस विवाह को अभी बमुश्किल पांच महीने ही बीते थे कि यह बड़ी ट्रेजेडी हो गई। मृतका के पिता तुलाराम के मुताबिक, प्रियंका करीब पांच दिन पहले ही अपने मायके से हंसी-खुशी ससुराल लौटी थी, लेकिन मंगलवार की सुबह अचानक उसकी संदिग्ध हालात में मौत की मनहूस खबर ने परिजनों के पैरों तले जमीन खिसका दी।

रिटायर्ड पुलिस अफसर की नेम प्लेट देख खाकी भी खा गई गच्चा, थाने से चंद कदमों पर चल रहा था सेक्स रैकेट, खुलासे से मचा हड़कंप

दहेज प्रताड़ना और गला घोंटकर मारने का सनसनीखेज आरोप

मृतका के पिता तुलाराम ने ससुराल पक्ष पर अत्यंत गंभीर आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि उन्होंने अपनी हैसियत और सामर्थ्य के मुताबिक दान-दहेज देकर बेटी की शादी की थी, लेकिन शादी के कुछ दिन बाद से ही ससुराल के लोग कम दहेज लाने को लेकर प्रियंका को मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित करने लगे।

पिता का आरोप है कि ससुराल पक्ष के भूखे भेड़िए अतिरिक्त दहेज की मांग कर रहे थे और मांग पूरी न होने पर लगातार बेटी का उत्पीड़न कर रहे थे। मंगलवार को जब मायके वालों को सूचना मिली, तो वे मौके पर पहुंचे। तुलाराम का दावा है कि उनकी बेटी को साड़ी के फंदे से कुंडे पर लटकाकर मौत के घाट उतारा गया है, क्योंकि मृतका के गले पर साफ तौर पर रस्सी और फंदे जैसे गहरे निशान पाए गए हैं।

बीच-बचाव करने आए अपनों पर टूटा कहर और छिन गई मां की सांसें! देवरिया में चार आरोपियों की गिरफ्तारी का पूरा सच

पुलिस कार्रवाई और ससुराल पक्ष के सभी लोग फरार

घटना की भनक लगते ही क्योलड़िया थाने के प्रभारी निरीक्षक वेद सिंह भारी पुलिस बल के साथ तुरंत मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को फंदे से उतरवाकर कब्जे में लिया और गहनता से घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए। पुलिस के पहुंचने से पहले ही मृतका के घर के सभी सदस्य और ससुराल पक्ष के लोग मौके से फरार हो चुके थे।

पुलिस ने मृतका के पिता तुलाराम की लिखित तहरीर के आधार पर पति सोनू कुमार समेत कुल छह नामजद आरोपियों के खिलाफ सुसंगत धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कर ली है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। रिपोर्ट आने के बाद मौत के वास्तविक कारणों की पुष्टि होगी, जिसके आधार पर आगे की कठोर कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। फिलहाल, इस दर्दनाक घटना के बाद से मृतका के परिवार में कोहराम मचा हुआ है और हर कोई न्याय की गुहार लगा रहा है।

Location :  Bareilly

Published :  16 September 2026, 10:17 AM IST