
प्रतीकात्मक छवि
Barabanki: बाराबंकी में एक पति पर अपनी पत्नी की हत्या कर फरार होने का आरोप है। वारदात के बाद आरोपी ने खुद अपने ससुर को फोन कर पत्नी की हत्या किए जाने की जानकारी दी और घर बंद करके फरार हो गया। सूचना मिलने के करीब सात घंटे बाद जब मृतका के पिता मौके पर पहुंचे तो घर पर ताला लगा मिला। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस ने बंद घर का दरवाजा खुलवाया तो कमरे के अंदर महिला का शव मिला। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया।
मामला कोतवाली नगर क्षेत्र के रसूलपुर का है। यहां रहने वाली सीमा वर्मा की शादी करीब 10 साल पहले संदीप से हुई थी। संदीप ऑटो चलवाने का काम करता है। इसके अलावा वह लखनऊ में एक डॉक्टर की गाड़ी भी चलाता है। दंपती की आठ साल की बेटी सिद्धि है, जो कक्षा दो में पढ़ती है।
मृतका के पिता धर्मेश के मुताबिक, संदीप ने उन्हें फोन करके पत्नी की हत्या करने की जानकारी दी थी। इसके बाद वह घर बंद करके फरार हो गया। फोन पर सूचना मिलने के करीब सात घंटे बाद जब धर्मेश मौके पर पहुंचे तो घर बंद मिला। इसके बाद सभासद के पति बृजेश ने पुलिस की आपातकालीन सेवा 112 पर कॉल करके घटना की जानकारी दी।
सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और बंद घर का दरवाजा खुलवाया। अंदर कमरे में सीमा वर्मा का शव पड़ा मिला। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर मामले की जांच शुरू कर दी। घटना की जानकारी मिलने पर एसपी विवेक तिवारी और सीओ सिटी आफताब आलम भी मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने घटनास्थल का जायजा लिया और मृतका के पिता सहित परिवार के अन्य सदस्यों से घटना के संबंध में जानकारी जुटाई।
सीमा और संदीप की आठ वर्षीय बेटी सिद्धि कक्षा दो में पढ़ती है। वह अधिकतर समय पड़ोस में रहने वाली अपनी दादी सुनीता के पास रहती थी। सुनीता ने बताया कि पोती अक्सर उनके पास ही रहती थी। सीमा और संदीप दोनों काम के सिलसिले में लखनऊ आते-जाते थे।
मां की मौत और पिता के फरार होने के बाद बच्ची की देखभाल को लेकर परिवार के लोग चिंतित हैं। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है। आरोपी पति की तलाश और हत्या के कारणों को लेकर जांच जारी है।
Location : Barabanki
Published : 4 November 2026, 10:14 AM IST